वजन कम करने की चाहत कई बार इतनी भारी पड़ती है कि अस्पताल पहुंचा देती है. चीन की एक 25 वर्षीय युवती ने महज एक महीने में साढ़े सात किलो वजन घटा लिया, लेकिन इसकी कीमत उसे अस्पताल में भर्ती होकर चुकानी पड़ी. डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादा डाइटिंग और फिर एक दिन जमकर खाने की वजह से उसके पैंक्रियाज को गंभीर नुकसान पहुंचा.
55 किलो से 47.5 किलो तक पहुंची
पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के हांगझोउ शहर में रहने वाली युवती, जिसे रिपोर्ट में किंगकिंग नाम से बताया गया है, की लंबाई 1.55 मीटर है. उसका वजन पहले 55 किलो था. कुछ महीने पहले उसने तेजी से वजन कम करने का फैसला किया.
इसके लिए उसने एक सख्त डाइट प्लान बनाया. वह सप्ताह में छह दिन बेहद कम खाना खाती थी और सिर्फ एक दिन अपनी पसंद का भोजन करती थी. छह दिनों तक वह मुख्य भोजन से लगभग दूरी बनाए रखती थी और केवल उबली हुई सब्जियां, चिकन ब्रेस्ट और कम चीनी वाले फल खाती थी. उसकी कोशिश रहती थी कि रोजाना 800 कैलोरी से ज्यादा न ले.
‘चीट डे’ पर खाया जमकर खाना
एक महीने में उसका वजन घटकर 47.5 किलो रह गया. 14 मई को छह दिन की डाइटिंग के बाद उसने अपना ‘इंडल्जेंट डे’ मनाया. दोपहर में उसने फ्राइड चिकन की बड़ी बाल्टी खाई और रात में दो पैकेट मसालेदार चिकन फ्लेवर नूडल्स खाए. कुछ ही घंटों बाद उसे पेट, कमर और पीठ में तेज दर्द शुरू हो गया. उसे लगातार उल्टियां भी होने लगीं. दर्द बढ़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे.
डॉक्टरों ने बताया बीमारी का कारण
उसे झेजियांग यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन के फर्स्ट अफिलिएटेड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में एक्यूट पैंक्रियाटाइटिस की पुष्टि हुई.डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक बहुत कम खाने से पैंक्रियाज कम सक्रिय अवस्था में चला जाता है. ऐसे में अचानक ज्यादा तेल और वसा वाला भोजन खाने पर यह अंग एक साथ बड़ी मात्रा में पाचन एंजाइम बनाने लगता है. कई बार ये एंजाइम शरीर के अंदर ही रिसने लगते हैं और पैंक्रियाज को नुकसान पहुंचाते हैं.
तेजी से वजन घटाने का बढ़ रहा ट्रेंड
डॉक्टरों का कहना है कि हाल के वर्षों में ऐसे मामलों की संख्या बढ़ी है, खासकर युवाओं में. उन्होंने चेतावनी दी कि अत्यधिक डाइटिंग, भोजन छोड़ना और फिर एक साथ ज्यादा खाना कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है.
ये भी पढ़ें