इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में पिछले करीब दो साल से घर से हो रही चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. चोरी की गई सोने की चेन इंस्टाग्राम पर नजर आने के बाद पुलिस आरोपी पूर्व नौकरानी तक पहुंची. पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के सोने और डायमंड जड़ित जेवरात समेत अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस अब पिछले दो साल के दौरान घर से गायब हुए दूसरे सामान को लेकर भी पूछताछ कर रही है.
दो साल से धीरे-धीरे गायब हो रहे थे जेवर
मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र की शालीमार टाउनशिप का है. यहां संजय झाला के घर से पिछले करीब दो वर्षों से धीरे-धीरे कीमती सामान गायब हो रहा था. घर से सोने की अंगूठी, चेन और अन्य जेवरात गायब होने के बाद परिवार परेशान था. शुरुआत में किसी पर शक नहीं हुआ. लगातार सामान गायब होने के बाद फरियादी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घर में काम करने वाले पुराने कर्मचारियों समेत अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई.
इंस्टाग्राम पर दिखी वही सोने की चेन
जांच के दौरान परिवार की नजर इंस्टाग्राम पर एक फोटो और रील पर पड़ी. इसमें पूर्व नौकरानी पूनम अपने गले में सोने की चेन पहने नजर आई. परिवार ने चेन को पहचान लिया. उनका दावा था कि यही चेन उनके घर से गायब हुई थी. पूनम करीब दो महीने पहले ही घर का काम छोड़ चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने इंस्टाग्राम पर सामने आई तस्वीर को जांच का अहम सुराग माना और पूनम को पूछताछ के लिए बुलाया.
पूछताछ में चोरी की बात कबूलने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पूनम ने घर से सोने की चेन के साथ अन्य जेवरात और सामान चोरी करना स्वीकार किया. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सामान की बरामदगी शुरू की. पुलिस का कहना है कि अब तक करीब 3 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के सोने और डायमंड जड़ित जेवरात समेत अन्य सामान बरामद किया गया है. बरामद सामान में सोने की चेन, अंगूठी और दूसरे कीमती सामान शामिल हैं.
चेन पहनकर बनाई थी रील, इसी से मिला सुराग
इस मामले में सबसे खास बात यह रही कि आरोपी महिला ने कथित तौर पर चोरी की गई सोने की चेन पहनकर इंस्टाग्राम पर रील भी बनाई थी. यही रील परिवार की नजर में आ गई और इसके बाद पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले दो साल में घर से कितने सामान की चोरी हुई और इनमें से कितने सामान की बरामदगी हो सकती है. पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
ये भी पढ़ें: