Advertisement

चंद्रपुर में दिखी अनोखी भक्ति, सुग्रीव की गुफा में विराजे 16 फीट के रामरूपी गणेश, दर्शन से पहले धोने पड़ते हैं चरण

श्री बालाजी नवयुवक गणेश मंडल की झांकी में सुग्रीव की गुफा को बेहद खास तरीके से तैयार किया गया है. गुफा के बाहर सुग्रीव का स्वरूप बनाया गया है. वहीं, गुफा के प्रवेश द्वार पर पानी का एक कुंड बनाया गया है.

Ram-Shaped Ganesh
विकास राजूरकर
  • चंद्रपुर ,
  • 21 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:12 PM IST

गणेशोत्सव के दौरान महाराष्ट्र के चंद्रपुर में गणपति बप्पा का एक अनोखा स्वरूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां बालाजी वार्ड में श्री बालाजी नवयुवक गणेश मंडल ने इस बार सुग्रीव की गुफा की थीम पर खास झांकी तैयार की है. झांकी में भगवान राम के स्वरूप में गणेशजी की 16 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा विराजमान है. इस झांकी की सबसे खास बात यह है कि गुफा में प्रवेश करने से पहले श्रद्धालुओं को अपने चरण धोने पड़ते हैं.

चरण धोकर गुफा में प्रवेश
श्री बालाजी नवयुवक गणेश मंडल की झांकी में सुग्रीव की गुफा को बेहद खास तरीके से तैयार किया गया है. गुफा के बाहर सुग्रीव का स्वरूप बनाया गया है. वहीं, गुफा के प्रवेश द्वार पर पानी का एक कुंड बनाया गया है. श्रद्धालु इसी कुंड से होकर गुजरते हैं और अपने चरण धोने के बाद गुफा के अंदर प्रवेश करते हैं.

मंडल का मानना है कि भगवान के दर्शन से पहले मन और तन की शुद्धता का विशेष महत्व है. इसी भावना को झांकी के जरिए दिखाने की कोशिश की गई है. चरण धोकर गुफा में प्रवेश करने का यह अनुभव श्रद्धालुओं के लिए काफी अलग है.

16 फीट ऊंची रामरूपी गणेश प्रतिमा
गुफा के अंदर पहुंचते ही श्रद्धालुओं को भगवान राम के स्वरूप में गणेशजी के दर्शन होते हैं. करीब 16 फीट ऊंची इस भव्य प्रतिमा में गणेशजी को चार भुजाओं और हाथ में धनुष के साथ दिखाया गया है. गणेशजी का यह रामरूपी स्वरूप लोगों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर बप्पा के इस अनोखे रूप के दर्शन कर रहे हैं.

दो महीने में तैयार हुई झांकी
श्री बालाजी नवयुवक गणेश मंडल पिछले 55 वर्षों से गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक विषयों पर झांकियां तैयार करता आ रहा है. इस बार सुग्रीव की गुफा और रामरूपी गणेश की झांकी तैयार करने में करीब दो महीने का समय लगा. मंडल के सदस्यों ने मिलकर इसे तैयार किया है. गणेशोत्सव के दौरान यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement