Advertisement

DTC की इलेक्ट्रिक बसें मचाएंगी धूम! अयोध्या, हरिद्वार समेत 17 शहरों के लिए शुरू होगी हाई-टेक बस सेवा

DTC की ये नई इलेक्ट्रिक बसें कोई साधारण बसें नहीं होंगी. ये 12 मीटर लंबी, पूरी तरह से एयर-कंडीशंड, और लंबी यात्रा के लिए उपयुक्त बसें होंगी. इनमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, GPS, और पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी.

Ram Temple
कुमार कुणाल
  • नई दिल्ली,
  • 30 जून 2025,
  • अपडेटेड 2:34 PM IST

दिल्ली परिवहन निगम (DTC) एक बार फिर से अपनी अंतरराज्यीय बस सेवाओं को नया रूप देने जा रहा है, और इस बार खासियत यह है कि ये सेवाएं पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बसों के साथ होंगी! दिल्ली से रामनगरी अयोध्या, हरिद्वार, ऋषिकेश जैसे धार्मिक स्थलों सहित 17 शहरों को जोड़ने की योजना तैयार हो चुकी है. यह न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ और हरा-भरा रखने में मदद करेगा. 

धार्मिक और प्रमुख शहरों को जोड़ेगी DTC की इलेक्ट्रिक बस सेवा
दिल्ली सरकार ने DTC के माध्यम से 6 राज्यों के 17 शहरों के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है. इनमें धार्मिक और पर्यटन स्थल जैसे अयोध्या, हरिद्वार, ऋषिकेश (उत्तराखंड), और अमृतसर (पंजाब) शामिल हैं.

इसके अलावा, उत्तराखंड के देहरादून और हल्द्वानी, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अलवर, पंजाब के पटियाला, चंडीगढ़, हरियाणा का पानीपत और जम्मू-कश्मीर का जम्मू भी इस सूची में हैं. ये बसें 250 से 300 किलोमीटर की दूरी वाले मार्गों पर चलेंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का अनुभव मिलेगा.

हाई-टेक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
DTC की ये नई इलेक्ट्रिक बसें कोई साधारण बसें नहीं होंगी. ये 12 मीटर लंबी, पूरी तरह से एयर-कंडीशंड, और लंबी यात्रा के लिए उपयुक्त बसें होंगी. इनमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, GPS, और पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी. खास बात यह है कि टिकट बुकिंग के लिए ऐप-बेस्ड सिस्टम होगा, जिससे यात्रियों को पहले से अपनी सीट बुक करने में आसानी होगी. 

30 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव
DTC ने इस योजना के तहत 30 नई स्टैंडर्ड फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का प्रस्ताव रखा है, जिनके साथ 10 चार्जर और 10 साल की वार्षिक मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (AMC) भी शामिल होगा. इस प्रोजेक्ट को निजी कंपनी के साथ साझेदारी में पूरा किया जा सकता है. यह कदम दिल्ली सरकार के “विकसित दिल्ली संकल्प पत्र-2025” का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य दिल्ली को हरित और आधुनिक परिवहन का केंद्र बनाना है. 

पहले भी थी DTC की अंतरराज्यीय सेवाएं
DTC की अंतरराज्यीय बस सेवाएं कोई नई बात नहीं हैं. पहले भी DTC ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और बिहार जैसे राज्यों में अपनी बसें चलाई हैं. पुराने समय में दिल्ली से जयपुर, चंडीगढ़, उदयपुर, शिमला, हरिद्वार और धर्मशाला जैसे शहरों तक DTC की बसें लोकप्रिय थीं. अब इस नई योजना के साथ DTC एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान को और मजबूत करने जा रही है.   
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement