होली का त्योहार रंगों और खुशियों का प्रतीक है. देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है. लोग तरह-तरह के रंगों का इस्तेमाल करते हैं. कई बार अति उत्साह में गलती भी हो जाती है और आंखों में रंग चला जाता है. आजकल रंगों में केमिकल का बहुत ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है. ऐसे में ये आंखों के लिए बड़ा खतरा बन जाता है. इससे आंखों में जलन होने लगती है. दर्द भी होने लगता है. कई बार ये बड़ी समस्या बन जाता है. इस होली में अगर आपके या आपके किसी जानने वाले की आंख में रंग चला जाए तो परेशान नहीं होना है. सावधानी से काम लेना है औ इस समस्या से निजात पाना है. चलिए आपको बताते हैं कि होली में आंखों में रंग चले जाने पर क्या करना चाहिए?
आंखों में चला जाए रंग तो क्या नहीं करना है?
रंगों में मिलाए गए हानिकारक रसायन की वजह से आंखों की संवेदनशील परत को नुकसान पहुंच सकता है. अगर किसी व्यक्ति की आंख में रंग चला जाए तो सबसे पहली और महत्वपूर्ण बात यह है कि आंखों को बिल्कुल भी मलना नहीं है. आंख मलने से रंग और रसायन आंख के अंदर गहराई तक जा सकते हैं. जिससे नुकसान ज्यादा हो सकता है.
सबसे पहले पानी से आंखों को धोना चाहिए-
आंखों में रंग चला जाए तो सबसे पहले साफ पानी से आंखों को धोना चाहिए. हाथ में साफ पानी लेकर आंख को उसमें डुबोकर बार-बार झपकाने से रंग के कण बाहर निकलने में मदद मिलती है. कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा रंग आंख से बाहर निकल जाए.
आई ड्रॉप का कर सकते हैं इस्तेमाल-
आंखों में जलन या सूखापन महसूस होने पर मिथाइल सेल्यूलोज युक्त आई ड्रॉप का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह आई ड्रॉप आंखों में नमी बनाए रखने और जलन कम करने में मददगार होता है. आप डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं और जरूरी दवा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
डॉक्टर से करें संपर्क-
अगर आंखों में तेज जलन, लगातार दर्द, धुंधला दिखाई देना या सूजन जैसी समस्या बनी रहती है तो तुरंत आई सर्जन से संपर्क करना चाहिए. समय पर इलाज न मिलने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है. लोगों को सलाह दी जाती है कि होली उत्साह के साथ मनाएं. लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि किसी की आंखों में रंग ना डालें.
ये भी पढ़ें: