होली के रंगों में सराबोर होने के लिए विदेशों से भारी तादाद में देशी-विदेशी सैलानी पुष्कर पहुंचे. सभी होटल, गेस्ट हाउस और रिजॉर्ट फुल रहे. चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही. मनचलों के पुष्कर में प्रवेश पर रोक लगाई गई. इस बार सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रही और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई. चंद्रग्रहण के कारण लोग दो दिन होली खेलेंगे. तीन मार्च और चार मार्च को होली उत्सव मनाया जाएगा.
पर्यटकों से पुष्कर के बाजार गुलजार हो गए. बाजारों में पर्यटकों की जमकर रौनक रही. जहां एक ओर बड़े रिसॉर्ट और होटलों में मेट्रो सिटी से आए युवा-युवतियां होली खेलते रहे, वहीं आसपास के शहरों से आए लोग भी उत्सव में शामिल हुए.
यही वजह है कि पर्यटकों की भारी आवाजाही के चलते यहां के बड़े-बड़े होटल, गेस्ट हाउस, रिजॉर्ट और धर्मशालाएं तक फुल हो गई हैं. पर्यटकों की भीड़ से यहां के बाजार भी गुलजार हो गए हैं. मुख्य बाजार सहित छोटी-छोटी गलियों में भी चहल-पहल बढ़ गई है. यहां आने वाला हर पर्यटक पुष्कर की विश्व प्रसिद्ध होली के रंगों में सराबोर होकर उसी रंग में मस्त हो जाना चाहता है.
एक ओर जहां देश के कोने-कोने से हजारों की तादाद में पर्यटक होली खेलने पुष्कर पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भारी आवागमन के चलते होटल और गेस्ट हाउस संचालकों ने कमरों के किराए में कई गुना बढ़ोतरी कर दी है. आम दिनों में जो कमरा एक हजार रुपये में उपलब्ध हो जाता है, उसी कमरे के अब 5 से 6 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि होली के अवसर पर पर्यटक मनचाहा किराया भी दे रहे हैं. पुष्कर कस्बे में वराह चौक, होली चौक, ब्रह्म चौक, सूर्य धर्मशाला चौक सहित कई इलाकों में होली उत्सव मनाया जा रहा है.
सतरंगी होली महोत्सव के दौरान वराह चौक पर देशी-विदेशी सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी. सैलानियों ने राजस्थानी ढोल की थाप पर डांडिया डांस किया. ला बेला होली मंडल की नवयुवक टीम द्वारा आयोजित इस महोत्सव में धुलंडी पर विशेष आयोजन होगा.
ला बेला होली मंडल के युवाओं के तत्वावधान में स्थानीय वराह चौक पर सतरंगी होली महोत्सव मनाया जा रहा है. धुलंडी से एक दिन पूर्व रात को हजारों देशी-विदेशी सैलानियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर राजस्थानी ढोल की थाप पर जमकर डांडिया रास किया. आयोजन के दौरान पुष्कर के प्रसिद्ध ढोल वादक आरुष एंड पार्टी के कलाकारों ने जब राजस्थानी नृत्य की धुनें बजाईं, तो वहां मौजूद हर व्यक्ति नाचने पर मजबूर हो गया.
इस दौरान यहां विशाल स्तर पर होलिका दहन का आयोजन भी किया गया. आज देर रात तक चलने वाले इस आयोजन में वराह चौक देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहेगा. इसी को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा द्वारा विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
होली के आयोजन के दौरान पुष्कर नगर परिषद की गाड़ियां पानी की बौछार करती रहीं. पुष्कर की होली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाने वाले ला बेला होली मंडल के इस विशेष कार्यक्रम स्थल वराह चौक पर सुबह 8 बजे से सतरंगी होली महोत्सव की शुरुआत होगी, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगा. इस बार स्थानीय प्रशासन ने भीड़ के भारी दबाव को देखते हुए वराह चौक पर होली महोत्सव के दौरान डीजे संगीत बजाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. इसके बावजूद आयोजक मंडल द्वारा राजस्थानी वाद्य यंत्रों ढोल, चंग और नगाड़ों की थाप पर विशेष आयोजन किया जाएगा.
(रिपोर्ट- दिनेश पाराशर)