पश्चिम बंगाल के हावड़ा में दुर्गा पूजा के अवसर पर इस बार सहयात्री क्लब ने अपने 76वें वर्ष में केदारनाथ धाम की थीम पर भव्य पूजा मंडप तैयार किया है. केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बनाए गए इस मंडप को देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है. मंडप के माध्यम से उन लोगों को भी बाबा केदारनाथ के दर्शन का अनुभव कराने की कोशिश की गई है, जो आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम की यात्रा नहीं कर पाते हैं.
केदारनाथ धाम की तर्ज पर पूजा पंडाल-
क्लब के पूजा आयोजन से जुड़े शिव शंकर साधु खां ने बताया कि इस थीम के पीछे आम लोगों की धार्मिक भावना और आस्था जुड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि बहुत से लोग चाहकर भी केदारनाथ धाम की यात्रा नहीं कर पाते. ऐसे श्रद्धालु सहयात्री क्लब के पूजा मंडप में आकर बाबा केदारनाथ के दर्शन का अनुभव कर सकते हैं.
26 लाख रुपए में 2 महीने में तैयार-
मंडप के निर्माण में प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है. इसके साथ ही, इसके सुरक्षा के भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है. आयोजकों ने बताया कि इसमें आग से बचाने के भी उपाय किए गए हैं. इसे अग्निरोधी सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. करीब 26 लाख रुपये के बजट से इस मंडप को दो महीने की मेहनत के बाद तैयार किया गया है.
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़-
निर्माण पूरा होने के बाद से ही मंडप को देखने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई है. उद्घाटन समारोह के मद्देनजर कुछ समय के लिए मंडप को बंद रखा गया था. उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा.
केदारनाथ धाम की थीम पर आधारित यह मंडप इस बार मध्य हावड़ा में दुर्गा पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है.
ये भी पढ़ें: