सहारनपुर से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की सेवा के लिए शहर में एक अनोखा मेडिकल कैंप लगाया गया है. इस शिविर में कांवड़ियों के लिए इलाज और प्राथमिक उपचार की तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि यहां थकान और पैरों के दर्द से राहत देने के लिए फुट मसाज और थाई मसाज मशीनें लगाई गई हैं.
...ताकि आगे की यात्रा हो सके सुगम
कांवड़ियों की लगातार पैदल यात्रा से होने वाली थकान और दर्द को देखते हुए इस बार शिविर में 21 मसाज मशीनें लगाई गई हैं. जहां मशीनों के जरिए कांवड़ियों की मसाज की जा रही है, वहीं जरूरत पड़ने पर हाथों से भी मालिश की जा रही है. शिविर में कांवड़ियों की परेशानी दूर करने के लिए लगातार सेवा की जा रही है, ताकि उनकी आगे की यात्रा सुगम हो सके.
ड्रेसिंग और मलहम-पट्टी के लिए अलग व्यवस्था
शिविर में छह डॉक्टरों की टीम लगातार मौजूद है. ड्रेसिंग और मलहम-पट्टी के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जबकि दर्द, रैशेज और मालिश के लिए जरूरी दवाएं व तेल भी उपलब्ध हैं. यानी कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार से लेकर थकान और दर्द से राहत तक की सुविधाएं एक ही जगह पर मिल रही हैं.
इतने सालों से लगातार कर रहे सेवा
शिविर के चेयरमैन दीपक खेड़ा ने बताया कि यह सेवा लगातार 20वें वर्ष की जा रही है. इसके अलावा शिविर में दो मोबाइल चार्जिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं, जहां एक समय में करीब 500 से 600 मोबाइल चार्ज किए जा सकते हैं. उनका कहना है कि कांवड़ियों की सेवा ही उद्देश्य है, ताकि आराम और इलाज के बाद शिवभक्त अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल तरीके से आगे बढ़ा सकें.