करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं. सुबह सरगी खाने के बाद शुरू होने वाला यह व्रत रात में चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पूरा किया जाता है. हर साल की तरह इस बार भी करवा चौथ की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस है. कुछ लोग 28 अक्टूबर को व्रत रखने की बात कर रहे हैं, तो कुछ के अनुसार करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. ऐसे में आइए जानते हैं कि पंचांग के अनुसार व्रत की सही तारीख क्या है और पूजा के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा.
करवा चौथ 2026 की सही तारीख क्या है?
पंचांग के अनुसार, करवा चौथ का व्रत कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है. साल 2026 में चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर को रात 1 बजकर 6 मिनट पर शुरू होगी और इसी दिन रात 10 बजकर 9 मिनट पर समाप्त होगी. हिंदू पंचांग में उदयातिथि यानी सूर्योदय के समय मौजूद तिथि का विशेष महत्व होता है. इस बार 29 अक्टूबर को सूर्योदय के समय चतुर्थी तिथि रहेगी. इसलिए करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को रखा जाएगा. 28 अक्टूबर को व्रत रखने की जरूरत नहीं है.
करवा चौथ 2026 पूजा मुहूर्त
करवा चौथ पर सही समय पर पूजा करना शुभ माना जाता है. इस दिन महिलाएं शाम को भगवान गणेश, माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करती हैं. पूजा के दौरान करवा चौथ की कथा भी सुनी जाती है.
सरगी खाने का समय: सुबह 6:31 बजे से पहले
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4:48 बजे से 5:39 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:42 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक
करवा चौथ पूजा मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक
अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से 7:15 बजे तक
करवा चौथ पर कब निकलेगा चांद?
करवा चौथ का व्रत चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद ही खोला जाता है. साल 2026 में 29 अक्टूबर को चंद्रोदय का संभावित समय रात 8 बजकर 17 मिनट बताया गया है. चंद्रमा के दर्शन करने के बाद महिलाएं पूजा करेंगी और अर्घ्य देकर पति के हाथों जल ग्रहण करके अपना व्रत पूरा करेंगी. हालांकि, चांद निकलने का वास्तविक समय शहर के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है.
ये भी पढ़ें: