Advertisement

Shrikashi Vishwanath Dham में अब भक्तों को न तेज धूप से होगी परेशानी और नहीं जलेंगे पांव, बारिश से भी होगा बचाव, योगी सरकार ने किए कई विशेष इंतेजाम

Kashi Vishwanath Mandir: श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के विस्तारित आंगन में मैट बिछवाकर जर्मन हैंगर से छांव की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं को उमस भरी गर्मी में राहत देने के लिए एयर और वाटर कूलर भी लगाए गए हैं. 

काशी विश्वनाथ मंदिर (फाइल फोटो)
समर्थ श्रीवास्तव
  • वाराणसी,
  • 20 मई 2023,
  • अपडेटेड 6:42 PM IST
  • विश्वनाथ धाम के आंगन में मैट बिछवाकर जर्मन हैंगर से की गई है छांव की व्यवस्था 
  • योगी सरकार बाबा के भक्तों की हर सुविधा का रख रही ध्यान  

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बाबा भोलेनाथ के भक्तों को पहुंचने में कोई परेशानी न हो इसके लिए योगी सरकार ने पहले से ही हर तरह के प्रबंध किए हैं. अब चिलचिलाती धूप और तपती जमीन से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के विस्तारित आंगन में मैट बिछवाकर जर्मन हैंगर से छांव की व्यवस्था कर दी गई है. इतना ही नहीं उमस भरी गर्मी में एयर कूलर से बाबा के भक्तों को सावनी फुहार जैसी राहत मिल रही है. 

वाटर कूलर की भी की गई है व्यवस्था 
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के विस्तारित आंगन में भक्तों के लिए वाटर कूलर की भी व्यवस्था की गई है. बाबा की भक्ति में डूबे भक्तों को जर्मन हैंगर बरसात में भी बारिश से भींगने से बचाएगा. नव्य, भव्य श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. बाबा के भक्तों को सुगम दर्शन के लिए यूपी की योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है. एयर कूलर के लगने से श्रद्धालुओं को गर्मी में काफी राहत मिल रही है.

भक्तों को मिल रही काफी राहत 
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के एसडीएम शम्भू शरण ने बताया कि तापमान बढ़ने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही थी. इसके चलते कतार में लगने वाले श्रद्धालुओं को धूप लग रही थी, वहीं तपन से फर्श पर पांव जल रहे थे. उमस भरी गर्मी से श्रद्धालुगण बेहाल हो रहे थे. इसके लिए मंदिर प्रशासन ने गंगाधर (गंगा द्वार) से मंदिर चौक परिसर होते हुए मंदिर जाने तक वाले मार्ग पर जर्मन हैंगर, कैनोपी, मैट, 10 वाटर कूलर, 22 इंडस्ट्रियल एयर कूलर लगवाया है, जिससे देश के कोने-कोने से आने वाले बाबा के भक्तों को काफी राहत मिल रही है. एसडीएम शम्भू शरण ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में लगा अस्थाई जर्मन हैंगर बरसात के मौसम तक रहेगा. 

फूड कोर्ट की भी है व्यवस्था 
मंदिर के प्रांगण में फूड कोर्ट की व्यवस्था पहले से ही की गई है, ताकि जो श्रद्धालु बाहर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आ रहे हैं वो भोजन कर सकें. भक्तों के लिए गेस्ट हाउस की सुविधा भी है. उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसको देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष बंदोबस्त किए जा रहे हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement