गणेश उत्सव के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में गणपति की खास और आकर्षक प्रतिमाएं लोगों का ध्यान खींच रही हैं. कोटा की रेलवे कॉलोनी में भी इस बार गणेश जी की अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यहां बालाजी नवयुवक मंडल की ओर से 9 फीट लंबे विशाल मूषक पर 7 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है. प्रतिमा को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में पंडाल पहुंच रहे हैं.
10 साल से मिट्टी की प्रतिमा से मना रहे गणेश उत्सव
बालाजी नवयुवक मंडल पिछले करीब 10 वर्षों से गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश उत्सव का आयोजन कर रहा है. मंडल की खास बात यह है कि हर साल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा ही स्थापित की जाती है. मंडल के सदस्य पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस परंपरा को आगे भी जारी रखना चाहते हैं. मंडल से जुड़े नागेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि हर साल गणेश उत्सव में कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है. इसी कड़ी में इस बार गणेश जी के साथ विशाल मूषक तैयार कराया गया है. इसका उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ नई पीढ़ी को भारतीय धर्म और संस्कृति से जोड़ना भी है.
पंडाल में होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणेश उत्सव के दौरान पंडाल में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इनमें नाट्य मंचन, रामायण और महाभारत से जुड़े कार्यक्रम, जागरण सहित कई प्रस्तुतियां शामिल हैं. इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु
गणेश उत्सव के दौरान रेलवे कॉलोनी का पंडाल श्रद्धालुओं से भर जाता है. आसपास के लोग परिवार के साथ यहां पहुंचकर गणपति के दर्शन करते हैं और कार्यक्रमों में शामिल होते हैं. मंडल के सदस्यों का कहना है कि स्थानीय लोगों की भागीदारी ही इस आयोजन को हर साल नई ऊर्जा देती है. प्रतिमा विसर्जन के बाद भी मंडल के सदस्यों का उत्साह कम नहीं होता. अगले गणेश उत्सव की तैयारियां कई महीने पहले से शुरू हो जाती हैं. इसी उत्साह और परंपरा के साथ इस बार भी रेलवे कॉलोनी में गणेश उत्सव मनाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: