scorecardresearch

Greater Noida West iPhone Snatching: 'क्या यह नया वाला iPhone है?' पूछकर बदमाशों ने युवती से छीना iPhone 18 Pro, तीन दिन पहले खरीदा था हैंडसेट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति गोलचक्कर के पास बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी युवती से नया iPhone 18 Pro झपट लिया. स्नेचर्स ने वारदात से ठीक पहले युवती से पूछा था- 'क्या यह नया वाला iPhone है?' इसके बाद महिला ने हां बोला. इतना कहने की देर थी कि चोरों ने उसके हाथ से फोन छिना और फरार हो गया.

Advertisement
Noida West iPhone Snatching Noida West iPhone Snatching

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक युवती से नया iPhone 18 Pro झपट लिया. हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों ने फोन छीनने से पहले युवती से बाकायदा पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है. युवती के हां कहते ही दोनों ने उसके हाथ से मोबाइल छीना और बाइक से फरार हो गए. खास बात यह है कि युवती ने यह फोन सिर्फ तीन दिन पहले ही खरीदा था. यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में एक मूर्ति गोलचक्कर के पास हुई. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सुबह ऑफिस जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुई थीं. एक मूर्ति गोलचक्कर के पास उन्हें ई-रिक्शा का ऑनलाइन पेमेंट करना था, इसलिए उन्होंने अपना मोबाइल फोन निकाला. इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. दोनों ने हेलमेट पहन रखा था. युवकों ने पहले शुभी से पता पूछा और इसी दौरान उनकी नजर मोबाइल पर चली गई.

पूछा- क्या यह नया वाला iPhone है?
पीड़िता शुभी के मुताबिक, युवकों ने मोबाइल की ओर देखते हुए उनसे पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है. शुभी ने जब हां कहा, तो बदमाशों ने तुरंत उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया. फोन छीनने के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात के दौरान दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है. वारदात के बाद परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई. साकेत गुप्ता, शुभी के पिता ने सुबह के समय प्रमुख सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई. उनका कहना है कि इस समय पुलिस की मौजूदगी कम दिखाई देती है, जिससे इस तरह की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ रही है.

पिता ने दर्ज कराई ऑनलाइन FIR
मामले में बिसरख थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई गई है. शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

iPhone 18 Pro की कीमत भी जान लीजिए
जिस iPhone 18 Pro को लेकर यह वारदात हुई, उसकी कीमत भी काफी ज्यादा है. भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये है. इसका 256GB मॉडल इसी कीमत से शुरू होता है. वहीं 512GB मॉडल की कीमत 1,89,900 रुपये, 1TB मॉडल की कीमत 2,39,900 रुपये और 2TB मॉडल की कीमत 3,14,900 रुपये तक जाती है. शुभी भंडारी ने जो iPhone 18 Pro खरीदा था, उसका स्टोरेज वेरिएंट और खरीद कीमत सामने नहीं आई है. इसलिए यह साफ नहीं है कि उनके फोन की कीमत कितनी थी. इतना जरूर है कि यह फोन उन्होंने वारदात से महज तीन दिन पहले ही खरीदा था और प्राइज लगभग 1.50 लाख रुपए से ऊपर होगी.
 

ये भी पढ़ें