सावन में भगवान भोलेनाथ के भक्त कांवड़ लेकर निकल रहे हैं. कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे-58 पर अनोखा नजारा देखने को मिला. सिवाया टोल प्लाजा पर एक बुलडोजर को खड़ाकर उसके ऊपर आधा दर्जन से ज्यादा लोग सवार हुए और हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई. इस दौरान टोल प्लाजा पर कांवड़ियों के लिए सूक्ष्म जलपान भी वितरित किया गया। उन्हें केले, कोल्ड ड्रिंक और सॉफ्ट ड्रिंक वितरित किए गए.
बुलडोजर से बरसाए गए फूल-
पुष्प वर्षा के दौरान हाईवे पर बोल बम के जयकारे गूंजते रहे. कांवड़ लेकर गुजर रहे श्रद्धालुओं पर लगातार फूल बरसाए गए. पुष्प वर्षा के बाद कांवड़िए आगे बढ़ते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.
शनिवार को सीएम योगी ने बरसाए थे फूल-
शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुंचे थे और एनएच-58 पर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की थी और हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ियों पर फूल बरसवाए गए थे. इसी क्रम में स्थानीय लोगों ने स्थानीय स्तर पर भी कांवड़ियों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की गई.
कांवड़ियों पर बरसाए गए 61 किग्रा फूल-
सिवाया टोल प्लाजा पर पुष्प वर्षा का आयोजन टोल प्लाजा के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान और उनके साथियों की ओर से किया गया. आयोजकों के मुताबिक करीब 61 किलो फूलों से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई. बुलडोजर के जरिए पुष्प वर्षा करने के पीछे उनका कहना था कि प्रदेश में बुलडोजर चर्चा का हिस्सा रहा है, इसलिए उन्होंने इसी अंदाज में कांवड़ियों का स्वागत करने का फैसला किया.
हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घरों की ओर लौट रहे कांवड़ियों के स्वागत के लिए की गई इस पुष्प वर्षा के दौरान सिवाया टोल प्लाजा पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल दिखाई दिया.
ये भी पढ़ें: