Advertisement

कहीं नागलोक, कहीं मिक्की माउस और कहीं सोने-सा मंदिर, प्रयागराज के दुर्गा पंडाल देख रह जाएंगे हैरान!

संगम नगरी प्रयागराज भी भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर है. शहर के अलग-अलग इलाकों में इस बार अनोखी थीम पर बने दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं.

अलग अलग थीम के सजे दुर्गा पंडाल
पंकज श्रीवास्तव
  • प्रयागराज ,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:40 AM IST

शारदीय नवरात्रि के साथ पूरे देश में मां दुर्गा की आराधना का उत्साह चरम पर है. संगम नगरी प्रयागराज भी भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर है. शहर के अलग-अलग इलाकों में इस बार अनोखी थीम पर बने दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. कहीं केरल के प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर की भव्य झलक है, तो कहीं नागलोक की रहस्यमयी दुनिया और बच्चों के लिए मिक्की माउस थीम का आकर्षक पंडाल. इन पंडालों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है.

प्रयागराज में इस बार दुर्गा पूजा सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि कला और कल्पना का भी अद्भुत संगम बन गई है. शहर के कटघर इलाके में बनाया गया नागलोक थीम का पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. सांपों और नागलोक की भव्य सजावट श्रद्धालुओं को एक अलग ही दुनिया का एहसास करा रही है. वहीं नेता नगर में बच्चों के लिए मिक्की माउस थीम का पंडाल तैयार किया गया है. रंग-बिरंगी सजावट और कार्टून किरदारों के बीच मां दुर्गा के दर्शन करने का अनुभव बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी खूब पसंद आ रहा है.


श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल
उधर बाई का बाग इलाके में दुर्गा पूजा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार केरल के प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है. दिन की रोशनी में यह पंडाल सोने की तरह चमकता दिखाई देता है. पंडाल के भीतर बनाए गए छह भव्य द्वार और रत्न-आभूषणों की झलक श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है. बीचों-बीच विराजमान मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा भक्तों की आस्था का केंद्र बनी हुई है.


इन सभी थीम आधारित पंडालों को पश्चिम बंगाल से आए कुशल कलाकारों ने महीनों की मेहनत से तैयार किया है. बारीक कारीगरी, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और भव्य सजावट ने इन पंडालों को देखने लायक बना दिया है. शाम ढलते ही इनकी खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है और बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ यहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन के साथ इन अनूठी कलाकृतियों का भी आनंद ले रहे हैं.

पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी
नवरात्रि के मौके पर प्रयागराज के ये थीम आधारित दुर्गा पंडाल सिर्फ पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं हैं, बल्कि कला, संस्कृति और रचनात्मकता की भी शानदार मिसाल बन गए हैं. यही वजह है कि हर शाम यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. मां दुर्गा के दर्शन के साथ लोग इन अनोखी थीम वाले पंडालों को अपने कैमरों में भी कैद कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement