सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है. सहारनपुर से गुजर रहे कांवड़ियों के साथ अब एक से बढ़कर एक विशाल और आकर्षक कांवड़ भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन रही हैं. हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं की भव्य कांवड़ देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट रही है. कोई भोलेनाथ की विशाल प्रतिमा वाली कांवड़ लेकर चल रहा है तो कोई मोर और धार्मिक आकृतियों से सजी अनोखी कांवड़ के साथ यात्रा कर रहा है.
9 फुट ऊंची बाहुबली हनुमान कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र
इन सबके बीच श्री हनुमान जी के बाहुबली स्वरूप वाली करीब 9 फुट ऊंची विशाल कांवड़ सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींच रही है. इस कांवड़ में बाहुबली हनुमान के साथ बंदरों और अगड़नाथ जी की आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं. कांवड़ को बेहद भव्य और कलात्मक तरीके से सजाया गया है, जिसे देखने के लिए लोग रास्ते में रुककर तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं.
12 लोगों की टीम लेकर जा रही है गंगाजल
कांवड़ लेकर चल रहे अभिषेक ने बताया कि उनकी 12 लोगों की टीम हरिद्वार से गंगाजल लेकर अंबाला जा रही है. उन्होंने कहा कि यह उनकी पहली विशाल कांवड़ है, जिसे भोलेनाथ की कृपा और आशीर्वाद से तैयार किया गया है.
वहीं कांवड़िया विकास ने बताया कि उनकी कांवड़ में हनुमान जी के साथ भगवान गणेश, कार्तिकेय, माता गौरी और बंदरों की आकृतियां भी बनाई गई हैं. उनका कहना है कि भगवान शिव की कृपा से उन्होंने इस अनोखी कांवड़ का निर्माण किया है. सहारनपुर से गुजर रही ऐसी भव्य कांवड़ें श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी खास आकर्षण बनी हुई हैं और कांवड़ यात्रा की रौनक को और बढ़ा रही हैं.
ये भी पढ़ें: