सहारनपुर में कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारियां अब जमीन पर साफ नजर आने लगी हैं. कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह रोड मैप लगाए गए हैं. इन मैप के जरिए लाखों की संख्या में आने-जाने वाले कांवड़िए अपने निर्धारित मार्ग को आसानी से समझ सकेंगे और बिना भटके अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे. प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ियों को रास्ते में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
कांवड़ियों को इधर-उधर भटकने की नहीं पड़ेगी जरूरत
खास बात यह है कि इन रोड मैप पर क्यूआर कोड भी लगाया गया है. कांवड़िए अपने मोबाइल से इस क्यूआर कोड को स्कैन करते ही कांवड़ मार्ग से जुड़ी तमाम जरूरी जानकारी एक क्लिक पर अपने मोबाइल में देख सकेंगे. कांवड़ शिविर कहां है, शौचालय की व्यवस्था कहां है, मेडिकल कैंप किस स्थान पर है या पुलिस चौकी कहां मौजूद है, इन सभी जानकारियों को मोबाइल पर आसानी से देखा जा सकेगा. यानी जरूरत पड़ने पर कांवड़ियों को इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
...ताकि सुरक्षित माहौल में अपनी यात्रा कर सकें पूरी
सहारनपुर प्रशासन की यह डिजिटल पहल कांवड़ यात्रा को और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह लगाए गए ये बड़े मैप न सिर्फ रास्ता दिखाएंगे, बल्कि कांवड़ियों को आसपास उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी देंगे. पुलिस और प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में अपनी यात्रा पूरी करें और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें मदद आसानी से मिल सके. लाखों कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए इस बार व्यवस्था में तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.