सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है, खासकर सावन का सोमवार. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोमवार का व्रत रखते हैं और सात्विक भोजन का सेवन करते हैं. अगर आप भी सावन सोमवार का व्रत कर रहे हैं और सोच रहे हैं कि इस बार क्या बनाया जाए, तो यहां 5 ऐसी आसान और स्वादिष्ट फलाहारी रेसिपी दी गई हैं, जिन्हें आप व्रत में खा भी सकते हैं और भगवान शिव को भोग भी लगा सकते हैं.
1. मखाने की खीर
2 कप दूध
1 कप मखाने
1 चम्मच देसी घी
कटे बादाम, काजू और पिस्ता
इलायची पाउडर
स्वादानुसार मिश्री या खजूर का पेस्ट
बनाने का तरीका
सबसे पहले घी में मखानों को हल्का भून लें. आधे मखाने पीस लें और आधे साबुत रखें. दूध उबालकर उसमें मखाने डालें. फिर मिश्री या खजूर का पेस्ट मिलाएं. आखिर में इलायची और ड्राई फ्रूट्स डालकर गर्मागर्म परोसें.
2. साबूदाना खिचड़ी
1 कप भीगा हुआ साबूदाना
2 उबले आलू
भुनी मूंगफली
हरी मिर्च
जीरा
सेंधा नमक
देसी घी
बनाने का तरीका
घी गर्म करके जीरा और हरी मिर्च भून लें. इसमें आलू डालकर हल्का सुनहरा करें. अब साबूदाना, मूंगफली और सेंधा नमक डालकर 4-5 मिनट चलाएं. धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें.
3. सिंघाड़े के आटे की पूरी और आलू की सब्जी
सिंघाड़े का आटा
उबले आलू
हरी मिर्च
जीरा
सेंधा नमक
घी
बनाने का तरीका
सिंघाड़े के आटे को गुनगुने पानी से गूंथ लें और छोटी-छोटी पूरियां बेलकर तल लें. दूसरी ओर घी में जीरा, हरी मिर्च और आलू डालकर सेंधा नमक के साथ सब्जी तैयार करें. यह व्रत की सबसे पसंदीदा डिश मानी जाती है.
4. राजगीरा चीला
1 कप राजगीरा आटा
उबला आलू
हरी मिर्च
हरा धनिया
सेंधा नमक
घी
बनाने का तरीका
राजगीरा आटे में मैश किया आलू, धनिया, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर घोल तैयार करें. तवे पर हल्का घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. दही के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
5. नारियल और मखाने के शुगर फ्री लड्डू
1 कप भुने मखाने
1 कप कद्दूकस नारियल
खजूर
बादाम
इलायची
बनाने का तरीका
मखाने और बादाम को पीस लें. खजूर का पेस्ट तैयार करें. सभी सामग्री को मिलाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें. इसमें चीनी की जरूरत नहीं पड़ती और यह व्रत के लिए हेल्दी विकल्प है.
व्रत में इन बातों का भी रखें ध्यान
व्रत के दौरान केवल सेंधा नमक का इस्तेमाल करें. भोजन ताजा और सात्विक रखें. भगवान शिव को भोग लगाने के बाद ही भोजन ग्रहण करें. फल, दूध और पर्याप्त पानी लेते रहें ताकि शरीर में ऊर्जा बनी रहे. इन आसान फलाहारी रेसिपीज के साथ आपका सावन सोमवार का व्रत स्वाद और श्रद्धा, दोनों से भर जाएगा.
ये भी पढ़ें