Advertisement

मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर के बाहर लगी गुल्लक का ताला तोड़कर नकदी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

मथुरा के विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारिकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर लगी गुल्लक का ताला तोड़कर चोर उसमें रखी धनराशि को चोरी कर ले गए यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

Thief Stealing Money from the donation box at the Dwarkadhish Temple
मदन गोपाल शर्मा
  • मथुरा,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:48 PM IST

भगवान के दरबार में चढ़ावे पर भी चोरों की नजर पड़ने लगी है. उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारिकाधीश मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर रखी दान पेटी (गुल्लक) को चोरों ने निशाना बनाया. देर रात ताला तोड़कर आरोपी उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए. पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

मुख्य द्वार के बाहर रखी गुल्लक को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर रखी दान पेटी का ताला तोड़ दिया. इसके बाद गुल्लक में रखी पूरी नकदी बैग में भरकर फरार हो गए. सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं.

सुबह मंदिर खुला तो सामने आई चोरी
प्रातःकाल जब मंदिर के कर्मचारी रोज की तरह मंदिर खोलने पहुंचे, तो उन्होंने गुल्लक का टूटा हुआ ताला देखा. इसके बाद मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने तुरंत मंदिर प्रबंधन को घटना की जानकारी दी. मौके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई.

मंदिर प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत
श्री द्वारिकाधीश मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर लगी गुल्लक से चोर नकदी चोरी कर ले गए हैं. इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दे दी गई है.

उन्होंने बताया कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की गई रकम कितनी थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement