Advertisement

अक्षय तृतीया पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ, यमुनोत्री-गंगोत्री खुलेंगे कपाट, भव्य तैयारियों से सजा उत्तराखंड

यमुना मैया के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में कपाट खुलने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. तीर्थ पुरोहितों के अनुसार, परंपरा के तहत मां यमुना को उनके भाई शनिदेव की डोली अक्षय तृतीया के दिन भव्य शोभायात्रा के साथ यमुनोत्री धाम तक छोड़ने जाती है. इस अवसर पर खरसाली का दृश्य किसी बेटी की विदाई जैसा भावुक और आस्था से परिपूर्ण होता है.

Yamunotri will open on April 19
gnttv.com
  • उत्तरकाशी ,
  • 13 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:56 AM IST

अक्षय तृतीया के पावन पर्व 19 अप्रैल को यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा. इसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं.

यमुना मैया के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में कपाट खुलने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. तीर्थ पुरोहितों के अनुसार, परंपरा के तहत मां यमुना को उनके भाई शनिदेव की डोली अक्षय तृतीया के दिन भव्य शोभायात्रा के साथ यमुनोत्री धाम तक छोड़ने जाती है. इस अवसर पर खरसाली का दृश्य किसी बेटी की विदाई जैसा भावुक और आस्था से परिपूर्ण होता है.

आजीविका का मुख्य आधार
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि चारधाम यात्रा यहां की आजीविका का मुख्य आधार है, इसलिए हर कोई यात्रा के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन की कामना करता है. शीतकालीन पुजारियों ने बताया कि कठोर सर्दी और बर्फबारी के बावजूद मां यमुना की पूजा-अर्चना विधिवत जारी रहती है. इस बार यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु जहां धार्मिक आस्था का पुण्य लाभ अर्जित करेंगे. वहीं हिमालय की बर्फ से ढकी वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद उठा सकेंगे, जिससे तीर्थाटन के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.

वहीं, तीर्थ पुरोहितों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में डीजल या अन्य ईंधन की कमी को लेकर फैल रही अफवाहें निराधार हैं. पहाड़ी क्षेत्रों में रसोई गैस और डीजल की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में सुचारू रूप से जारी है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. कुल मिलाकर, इस वर्ष की चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन भी इसे सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement