आज के दौर में नौकरी, पढ़ाई या बेहतर अवसरों की तलाश में लोगों का दूसरे शहरों में जाना एक आम बात हो गई है. ऐसे में कई लोगों को किराए के घर में रहना पड़ता है, जहां अक्सर अपने घर जैसा सुकून और अपनापन महसूस नहीं होता. इसके पीछे कई वजह होती है. फिर चाहे वह खालीपन का महसूस होना हो, या अपनों का दूर होना या फिर कोई अन्य दोष. अगर आप भी किसी किराए के घर में सुकून महसूस नहीं कर रहे हैं, तो चिंता की बात नहीं है. वास्तु शास्त्र में कुछ आसान उपाय बताए गए हैं, जिनकी मदद से आप अपने किराए के घर को भी पॉजिटिव एनर्जी और शांति से भर सकते हैं.
मेन गेट से बहुत कुछ होता एंटर
घर का मेन गेट केवल एंट्री के लिए नहीं होता, बल्कि यही वह जगह है जहां से एनर्जी घर के अंदर एंटर होती है. इसलिए इस स्थान को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाए रखना बेहद जरूरी है. दरवाजे के पास जूते-चप्पल या कचरा इकट्ठा न होने दें. साथ ही यहां हल्की रोशनी रखें और दरवाजे पर स्वस्तिक, ओम या कोई शुभ चिन्ह लगाएं. इससे घर में पॉजिटिविटी बढ़ती है और वातावरण शांत रहता है.
नींद की कमी से भी रहता है तनाव
कई बार किराए के घर में नींद पूरी न होना भी एक बड़ी समस्या बन जाती है. ऐसे में सोने की दिशा का ध्यान रखना जरूरी है. कोशिश करें कि सोते समय आपका सिर दक्षिण या पूर्व दिशा की ओर हो. इससे मानसिक तनाव कम होता है और नींद की क्वालिटी बेहतर होती है. अगर कमरे की दिशा बदलना संभव न हो, तो केवल बिस्तर की दिशा बदलकर भी लाभ पाया जा सकता है.
पौधें भी ला सकते हैं सुख-शांति
घर में पौधे लगाने से न केवल वातावरण सुंदर बनता है, बल्कि मानसिक शांति भी मिलती है. आप अपने कमरे, बालकनी या खिड़की के पास छोटे-छोटे पौधे रख सकते हैं. मनी प्लांट और तुलसी जैसे पौधे खास रूप से शुभ माने जाते हैं. ध्यान रखें कि पौधों की नियमित देखभाल करें और सूखे पत्तों को हटाते रहें, ताकि घर में ताजगी बनी रहे.
खुशबू के घर का माहौल होगा खुशहाल
घर का माहौल खुशहाल बनाने के लिए हल्की खुशबू और रोशनी का होना जरूरी है. रोज सुबह और शाम अगरबत्ती, कपूर या सुगंधित मोमबत्ती जलाने से घर में पॉजिटिव एनर्जी फैलती है. इसके साथ ही रोशनी को घर में आने दें और सुबह के समय खिड़कियां खोलकर रखें. इससे घर में ताजगी बनी रहती है और मन भी प्रसन्न रहता है.