धनतेरस का त्योहार हिंदू धर्म में बहुत खास माना जाता है. इस दिन लोग सोना, चांदी, बर्तन और घर के लिए नई चीजें खरीदते हैं. मान्यता है कि धनतेरस पर नई वस्तुएं घर लाने से सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्योतिष के अनुसार हर राशि के लिए अलग-अलग धातु और चीजें शुभ मानी जाती हैं?
ऐसे में अगर आप भी धनतेरस 2026 पर खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी राशि के अनुसार शुभ चीजें चुन सकते हैं. चलिए बताते हैं कि किस राशि को इस धनतेरस किस चीज़ की खरीदारी ककरनी चाहिए.
किस दिन होगी धनतेरस?
इस साल धनतेरस का त्योहार 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा. इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है. धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने के साथ ही तांबे और पीतल के बर्तन खरीदने की भी परंपरा है. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, हर राशि का संबंध किसी न किसी ग्रह से होता है. इसी आधार पर कुछ धातुओं को अलग-अलग राशियों के लिए शुभ माना गया है.
मेष राशि के स्वामी मंगल देव हैं और मंगल का संबंध तांबे से माना जाता है. इसलिए इस राशि के लोगों के लिए धनतेरस पर तांबे का लोटा, कलश या दीपक खरीदना अच्छा माना जाता है. आप पूजा में इस्तेमाल होने वाली तांबे की कोई दूसरी चीज भी खरीद सकते हैं.
वृषभ राशि के स्वामी शुक्र देव हैं. शुक्र को सुख-सुविधा और सुंदरता से जोड़कर देखा जाता है. इस राशि के लोगों के लिए चांदी का सिक्का, चांदी की छोटी वस्तु या घर सजाने का सामान खरीदना शुभ माना जाता है.
मिथुन राशि के स्वामी बुध देव हैं. बुध को बुद्धि, पढ़ाई और व्यापार का कारक माना जाता है. इसलिए इस राशि के लोग धनतेरस पर पीतल का दीपक, नई किताब, कलम या पढ़ाई से जुड़ी चीजें खरीद सकते हैं.
कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं. चंद्रमा का संबंध चांदी और घर के सुख से माना जाता है. ऐसे में कर्क राशि के लोगों के लिए चांदी का सिक्का, कटोरी या रसोई का नया बर्तन खरीदना अच्छा रहेगा.
सिंह राशि के स्वामी सूर्य देव हैं. सूर्य का संबंध सोने और तांबे से माना जाता है. इस राशि के लोग अपनी क्षमता के अनुसार सोने का सिक्का, तांबे का बर्तन या दीपक खरीद सकते हैं.
कन्या राशि के स्वामी बुध देव हैं. इस राशि के लोगों के लिए पीतल का बर्तन, पूजा का दीपक, नई डायरी या काम में इस्तेमाल होने वाली कोई उपयोगी चीज खरीदना शुभ माना जाता है.
तुला राशि के स्वामी शुक्र देव हैं. इसलिए इस राशि के लोगों के लिए चांदी का सिक्का, सुंदर दीपक या घर की सजावट से जुड़ी चीज खरीदना अच्छा माना जाता है.
वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल देव हैं. इस राशि के जातक धनतेरस पर तांबे का लोटा, कलश, दीपक या पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तु खरीद सकते हैं.
धनु राशि के स्वामी गुरु बृहस्पति हैं. गुरु का संबंध ज्ञान और धर्म से माना जाता है. इसलिए धनु राशि के लोगों के लिए पीतल का पूजा सामान, धार्मिक पुस्तक या बजट के अनुसार सोने का सिक्का खरीदना शुभ माना जाता है.
मकर राशि के स्वामी शनि देव हैं. इस राशि के लोगों के लिए घर में इस्तेमाल होने वाली टिकाऊ चीजें, कोई उपयोगी उपकरण या चांदी का सिक्का खरीदना अच्छा माना जाता है.
कुंभ राशि के स्वामी भी शनि देव हैं. इस राशि के लोग धनतेरस पर चांदी का सिक्का, पूजा का सामान या घर में काम आने वाला नया उपकरण खरीद सकते हैं.
मीन राशि के स्वामी गुरु बृहस्पति हैं. इस राशि के लोगों के लिए पीतल का कलश, दीपक, धार्मिक पुस्तक या अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार सोने का सिक्का खरीदना शुभ माना जाता है.
धनतेरस पर रखें ये बात ध्यान
धनतेरस पर खरीदारी करना शुभ परंपरा मानी जाती है, लेकिन इसके लिए ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है. अपनी जरूरत और बजट को ध्यान में रखकर ही सामान खरीदें. इस त्योहार का असली महत्व भगवान धन्वंतरि की पूजा, दीपदान और परिवार की खुशहाली की कामना करना है.