पहले धक्का दिया, फिर कॉलर पकड़ा, फिर दूसरे प्लेयर से भिड़ा... हार से बौखलाया अर्जेंटीना का मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस

अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस की स्पेन के कई खिलाड़ियों के साथ तीखी बहस के साथ ही हाथपाई हो गई. परेडेस स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया से उलझ गये. फिर उन्होंने गावी से झगडा किया.

लिएंड्रो परेडेस हाथापाई करते हुए
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 20 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:56 AM IST

स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इससे पहले स्पेन ने साल 2010 में पहली बार वर्ल्ड कप जीता था. न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला शुरुआत से आखिर तक बेहद रोमांचक रहा. दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन तय 90 मिनट तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां स्पेन ने बाजी मार ली.

फेरान टोरेस बने जीत के हीरो

स्पेन की जीत के हीरो सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी फेरान टोरेस रहे. उन्होंने एक्स्ट्रा टाइम के 106वें मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. निको विलियम्स के हेडर से मिली गेंद को टोरेस ने बेहतरीन तरीके से कंट्रोल किया और फिर बाएं पैर से दमदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज इस शॉट को रोक नहीं सके. यही गोल मैच का इकलौता गोल साबित हुआ और स्पेन ने 1-0 से जीत दर्ज कर ली.

एक तरफ जश्म, तो दूसरी तरफ गर्माया माहौल

मैच खत्म होने के कुछ ही सेकंड बाद मैदान का माहौल अचानक बदल गया. खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस और स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया के बीच पहले कहासुनी हुई. उस समय स्पेन के खिलाड़ी अपनी जीत का जश्न मना रहे थे, लेकिन इसी दौरान दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए.

बहस के दौरान लिएंड्रो परेडेस ने एरिक गार्सिया को लात मार दी, जिससे वह मैदान पर गिर गए. जब गार्सिया दोबारा उठे तो परेडेस ने उनका गला भी पकड़ लिया. इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी बीच-बचाव के लिए दौड़ पड़े. इसी दौरान स्पेन के युवा खिलाड़ी गावी भी वहां पहुंचे, लेकिन परेडेस उनसे भी भिड़ गए. उन्होंने गावी को भी धक्का देकर गिरा दिया. कुछ समय तक मैदान पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसके बाद खिलाड़ियों और अधिकारियों ने स्थिति को संभाला.

 

परेडेस को मिला रेड कार्ड, बढ़ सकती है मुश्किल

इस घटना के बाद रेफरी ने लिएंड्रो परेडेस को रेड कार्ड दिखाया. रेड कार्ड मिलने के कारण उन्हें एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है. अब फीफा की डिसिप्लिन कमेटी इस पूरे मामले की समीक्षा कर सकती है. अगर जांच में परेडेस को गंभीर रूप से दोषी पाया जाता है, तो उन पर लंबे समय का बैन भी लगाया जा सकता है. फाइनल के दौरान अर्जेंटीना पहले ही एक खिलाड़ी कम होने की स्थिति में खेल रही थी, क्योंकि टीम के मिडफील्डर एंजो फर्नांडेज को भी रेड कार्ड मिला था. ऐसे में एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना के लिए वापसी करना और भी मुश्किल हो गया.

 

Read more!

RECOMMENDED