Advertisement

Asian Games 2023: शानदार! क्रिकेट में भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, श्रीलंका को हरा जीता गोल्ड, गेंदबाजी में तितास ने ढाया कहर

Asian Games 2023 Cricket Final India vs Sri Lanka Women: भारत ने पहली बार एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में महीला टीम उतारी और गोल्ड मेडल जीत लिया. भारत के लिए स्मृति मंधाना ने सबसे अधिक 46 रनों की बेहतरीन पारी खेली. तितास साधु ने तीन विकेट अपने नाम किए.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 3:59 PM IST
  • टीम इंडिया ने श्रीलंका को 19 रनों से हराया
  • मंधाना ने बनाए सबसे अधिक रन

भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत लिया. ये पहला मौका है, जब भारतीय टीम एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में हिस्सा ले रही थी और पहली बार में ही स्वर्ण पदक जीत लिया. 

तितास साधु ने 4 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट चटकाए
स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. दो मैच का बैन झेलने के बाद रेगुलर कप्तान हरमनप्रीत कौर की इस मैच से टीम इंडिया में वापसी हुई थी. टीम इंडिया के 117 रनों के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंकाई टीम आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी. भारत की जीत में तेज गेंदबाज तितास साधु का अहम योगदान रहा. उन्होंने 4 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट लिए. ये महिला टी20 में किसी भी भारतीय गेंदबाज का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे किफायती स्पैल है. 

मंधाना ने 46 रनों की खेली बेहतरीन पारी 
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही थी. शेफाली वर्मा 15 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद स्मृति ने जेमिमा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी निभाई. इस साझेदारी को रानावीरा ने तोड़ा. उन्होंने मंधाना को आउट किया. 

मंधाना ने 45 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली. ऋचा घोष नौ रन, दो मैचों के प्रतिबंध के बाद टीम में वापसी कर रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर दो रन, पूजा वस्त्राकर दो रन बनाकर आउट हुईं. जेमिमा रोड्रिग्स ने 40 गेदों में पांच चौके की मदद से 42 रन की पारी खेली. दीप्ति और अमनजोत एक-एक रन बनाकर नाबाद रहीं. श्रीलंका की ओर से उदेशिका प्रबोधनी, सुगंदिका कुमारी और इनोका रानावीरा ने दो-दो विकेट लिए.

श्रीलंका टीम की शुरुआत रही खराब
श्रीलंका की टीम की शुरुआत भी खराब रही थी. तितास साधु ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए चमारी अटापट्टू (12), अनुष्का संजीवनी (1) और विश्मी गुणारत्ने (0) को पवेलियन भेजा. इसके बाद हसिनी परेरा और निलाक्षी डि सिल्वा ने चौथे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी निभाई. पूजा ने निलाक्षी (23) को आउट कर साझेदारी को तोड़ा. 

राजेश्वरी ने हसिनी (25) को आउट किया. दीप्ति ने ओशादी राणासिंघे (19), देविका वैद्य ने कविशा दिलहारी (5) और राजेश्वरी ने सुगंदिका कुमारी को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों को समाप्त कर दिया. भारत की ओर से तितास ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. वहीं, राजेश्वरी को दो विकेट मिले. दीप्ति, पूजा और देविका को एक-एक विकेट मिला.

भारत ने पहली बार लिया था हिस्सा
एशियन गेम्स के इतिहास में ये तीसरा मौका था, जब क्रिकेट को इसमें शामिल किया गया था. इससे पहले दो मौकों पर जब क्रिकेट इन खेलों का हिस्सा बना था, तब भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने इसमें शिरकत नहीं की थी. मतलब, भारत ने पहली मर्तबा इन खेलों के क्रिकेट इवेंट में टीम उतारी और गोल्ड मेडल जीत लिया. इससे बेहतर किसी चीज की उम्मीद नहीं की जा सकती थी. इससे पहले, भारतीय महिला टीम कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड मेडल जीतने से चूक गई थी.

भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, अमनजोत कौर, पूजा वस्त्राकर, टिटास साधू, राजेश्वरी गायकवाड़.

श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: चमारी अटापट्टू (कप्तान), अनुष्का संजीवनी (विकेटकीपर), विशमी गुणरत्ने, नीलाक्षी डिसिल्वा, हसिनी परेरा, ओशादी रणसिंघे, इनोका राणावीरा, कविशा दिलहारी, उदेशिका प्रबोधनी, सुगंधिका कुमारी, इनोशी प्रियदर्शनी.

बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को हराया 
भारत ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को आठ विकेट से हराया था, जबकि श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में गत विजेता पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया था. कांस्य पदक के मैच में बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया.

(गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें.) 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement