CM योगी का उपहार! यूपी के खिलाड़ी अब AC-3 टियर में करेंगे यात्रा, जल्द ही प्रदेश में आयोजित होगी विधायक खेल कूद प्रतियोगिता

गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों मे उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी भी प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं. इस दौैरान उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सीएम योगी ने अपनी शुभकामनाएं उन्हें दी है. साथ ही सीएम योगी ने बताया कि जल्द ही प्रदेश में विधायक खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा जिससे ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी आगे आ सकें.

CM YOGI ADITYANATH
समर्थ श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 27 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 8:34 PM IST
  • प्रदेश में जल्द आयोजित होगी विधायक खेल कूद प्रतियोगिता
  • पहली बार 28 खेल स्पर्धाओं में होगी उत्तर प्रदेश की भागीदारी

उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अब एसी थ्री टियर में यात्रा करे सकेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए कई नए कदम उठाए हैं. इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों को शासकीय सेवा का मौका देने के लिए 2% सीटें आरक्षित की हैं तो पुलिस में 500 से अधिक पदों पर नियुक्ति शुरू हो गई है. साथ ही अब राष्ट्रीय खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को आने-जाने के लिए रेलवे की एसी थ्री टियर कोच की सुविधा भी मिलेगी. 

गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में जा रहे हैं खिलाड़ी 

दरअसल, 36वें राष्ट्रीय खेल में प्रतिभाग करने जा रहे उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से मंगलवार को सीएम योगी ने संवाद किया. उन्होंने गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे होनहार खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं. सीएम ने खुशी जताई कि इस बार के राष्ट्रीय खेल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की अब तक की सबसे बड़ी टीम रवाना होने वाली है. बता दें,  पिछली बार यूपी ने 20 खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर 68 मेडल प्राप्त किए थे, वहीं इस बार खिलाड़ी 28 खेलों में भाग ले रहे हैं. 

गांव और शहर में बनवाएं जा रहे हैं मिनी स्टेडियम

मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने खेल प्रतियोगिताओं में मेडल विजेताओं को शासकीय सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इससे पहले गोरखपुर में स्टेडियम के लोकार्पण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था, “ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम कभी कल्पना हुआ करता था. आज गांव, शहर में स्टेडियम, मिनी स्टेडियम बनावाए जा रहे हैं. हर गांव में खेल के मैदान, ओपन जिम का विकास हो रहा है. युवक व महिला मंगल दल से युवा जुड़ रहे हैं.” 

प्रदेश में जल्द आयोजित होगी विधायक खेल कूद प्रतियोगिता

इसके अलावा,  सीएम ने खिलाड़ियों को 'विधायक खेलकूद प्रतियोगिता' की योजना के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बहुत जल्द ग्राम, विकास खंड, विधानसभा, जिला और कमिश्नरी स्तर पर खेल प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन करने जा रही है. आखिर में सभी 18 कमिश्नरी के खिलाड़ियों के बीच प्रदेश स्तर की स्पर्धा होगी, जिसके बाद सभी को सम्मानित किया जाएगा. 

खेल नीति में निजी स्पोर्ट्स अकादमी के प्रोत्साहन का हो प्रावधान

इसके साथ ही सीएम ने उत्तर प्रदेश की शानदार टीम बनाने के लिए खेल विभाग, कोच और मैनेजरों की सराहना भी की. उन्होंने प्रदेश में खेल-संस्कृति के विकास में प्राइवेट स्पोर्ट्स एकेडमी की भूमिका को भी सराहा. योगी ने कहा कि बहुत सी प्राइवेट एकेडमी अपने स्तर भी अच्छा काम कर रही हैं, इन्हें हर जरूरी प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल नीति में प्राइवेट स्पोर्ट्स एकेडेमी को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक प्रावधान जरूर किए जाएं. 


 

Read more!

RECOMMENDED