Team India International to Domestic Cricket Tournaments: टीम इंडिया श्रीलंका से टेस्ट सीरीज जीत चुकी है. अभी भारतीय सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के अधिकतर खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं. दलीप ट्रॉफी का समापन 10 सितंबर 2026 को होगा. हालांकि इसके बाद भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दौर जारी रहेगा. दलीप ट्रॉफी के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी. फिर टीम इंडिया एशियाई खेलों में भिड़ती दिखेगी. इस तरह से भारतीय टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला हैं. आइए जानते हैं टीम इंडिया सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक किन-किन टीमों से और कहां-कहां मैच खेलेगी?
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी टी-20 सीरीज
भारतीय टीम दलीफ ट्रॉफी के समापन होने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी. सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी-20 मैच 13 सितंबर को, दूसरा टी-20 मैच 15 सितंबर को और तीसरा टी-20 मुकाबला 17 सितंबर 2026 को खेला जाएगा. आपको मालूम हो कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम अफगानिस्तान खिलाफ टी-20 सीरीज खेलने उतरेगी. इस टीम में धाकड़ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है.
भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज
एशियन गेम्स में खेलेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम अफगानिस्तान से टी-20 सीरीज खेलने के बाद एशियन गेम्स में भिड़ती नजर आएगी. टीम इंडिया को एशियन गेम्स में सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है. टीम इंडिया क्वार्टर फाइनल मैच 28 सितंबर 2026 को खेलेगी. इससे पहले भारतीय टीम जापान के खिलाफ 22 सितंबर को एक टी-20 मैच भी खेलेगी.
भारत को वेस्टइंडीज की करनी है मेजबानी
भारतीय टीम इसके बाद वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगी. टीम इंडिया वेस्टइंडीज से 3 वनडे और 5 टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी. पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी. इसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते नजर आएंगे. भारतीय टीम वेस्टइंडीज से पहला वनडे मैच 27 सितंबर को तिरुवंनतपुरम में खेलेगी. 6 अक्टूबर से 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी.
भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज
भारत-वेस्टइंडीज टी-20 सीरीज
ईरानी कप और रणजी ट्रॉफी
इंटरनेशनल क्रिकेट के बीच ही ईरानी कप का आयोजन किया जाएगा. इसके मैच 1 से 5 अक्टूबर तक खेले जाएंगे. इसके बाद रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जो 5 नवंबर 2026 तक चलेगा.
न्यूजीलैंड से टी-20, वनडे और टेस्ट सीरीज
टीम इंडिया 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड में रहेगी. इस दौरान भारतीय टीम न्यूजीलैंड से 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलेगी. इस तरह से भारतीय टीम कुल 12 मैच न्यूजीलैंड से खेलेगी. भारतीय टीम सबसे पहले टी-20 सीरीज खेलेगी. इसके बाद वनडे और फिर टेस्ट सीरीज खेलेगी.
भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल
सैयद मुश्ताक टी-20 ट्रॉफी
आपको मालूम हो कि भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे के बीच में ही सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा. यह घरेलू टूर्नामेंट 14 नवंबर 2026 से लेकर 6 दिसंबर 2026 तक खेला जाएगा.
भारत-श्रीलंका सीरीज
दिसंबर 2026 में भारत की मेजबानी में टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. 13 दिसंबर से 27 दिसंबर तक सभी मैच खेले जाएंगे.
भारत VS श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल
साल 2027 की शुरुआत जिम्बाब्वे सीरीज से
टीम इंडिया नए साल 2027 की शुरुआत जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज से करेगी. दोनों देशों के बीच 3 से 9 जनवरी 2027 तक वनडे सीरीज खेली जाएगी. आपको मालूम हो कि साल 2027 में ही वनडे विश्व कप भी खेला जाना है. ऐसे में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर काफी खास होगी.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी
साल 2027 में भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी खेली जानी है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज 21 जनवरी से 27 फरवरी तक खेली जाएगी. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला मुकाबला 21 जनवरी से 25 जनवरी 2027 तक नागपुर में सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा. फिर दोनों देशों के बीच दूसरा टेस्ट मैच 29 जनवरी से 2 फरवरी 2027 तक चेन्नई में खेला जाएगा.
तीसरा टेस्ट मैच 11 फरवरी से 15 फरवरी 2027 तक गुवाहाटी में होगा. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मैच 19 फरवरी से 23 फरवरी 2027 तक रांची में खेला जाएगा. इस पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 27 फरवरी से 3 मार्च 2027 तक अहमदाबाद में खेला जाएगा. आपको मालूम हो कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने के लिए यह सीरीज बहुत ही महत्वपूर्ण है. ऑस्ट्रेलिया ने पिछली बार भारत से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज जीती थी, लेकिन साल 2027 में भारतीय टीम के पास इसे फिर अपने नाम करने का मौका होगा.