क्रिकेट के खिलाड़ी और क्रिकेट के दीवानों के साथ सभी खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. आनेवाले समय में बिहार के दरभंगा में भी न सिर्फ डे-नाइट आईपीएल क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा बल्कि इसके आलावा कई तरह के राष्ट्रिय स्तर के इनडोर गेम मैच भी कराए जा सकेंगे. जी हां, इसके लिए नए स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. यह नया स्टेडियम दरभंगा लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम को पूरी तरह ध्वस्त कर उसी जगह पर बनाया जाएगा. सरकार की तरफ से इसके लिए हरी झंडी मिल गई. खुद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस स्टेडियम का प्रजेंटेशन देखा और खेल प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए इसे आवश्यक भी माना है.
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेडियम
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा में मीडिया से बात करते हुए खुद स्टेडियम बनाए जाने की बात की पुष्टि की है. मीडिया में बाते जैसे ही स्टेडियम बनने की बात सामने आई कई खिलाड़ी और खेल प्रेमी संजय सरावगी से मिलकर उन्हें इसके लिए शुभकामनाएं दी. उनके इस प्रयास का स्वागत किया और अपनी खुशी का इजहार भी किया. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया की तकरीबन 200 करोड़ से ज्यादा की राशि से इस स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा. इस अत्याधुनिक स्टेडियम में सभी प्रकार की सुविधा खिलाड़ियों को दिया जाएगा. इसके साथ ही स्टेडियम में आईपीएल क्रिकेट मैच किए जा सकेंगे. इस स्टेडियम में लाइट के आलावा बड़े-बड़े डिस्प्ले स्क्रीन भी लगाए जाएंगे. साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को देखते यहां एक बड़ा मल्टिस्टोरेज कार पार्किंग भी बनाया जाएगा.
100 बेड का छात्रावास, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल
विधायक संजय सरावगी ने बताया की नए राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल क्रिकेट मैच के आलावा अलग-अलग तरह के इनडोर गेम जैसे आईपीएल क्रिकेट डे-नाइट मैचों के लिए हाई मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच और सर्वसुविधायुक्त पवेलियन की व्यवस्था होगी. इंडोर मल्टीपरपज हॉल में स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, जूडो-रेसलिंग क्षेत्र, चार बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसके आलावा खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स, और मेडिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 100 बेड का छात्रावास, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल होगा. लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और नेट प्रैक्टिस पिच के साथ सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था और मल्टी लेवल पार्किंग भी प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि दरभंगा के लिए यह केवल स्टेडियम नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला अवसर है. जिस मिथिला ने देश को शिक्षा, संस्कृति और कला के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभाएं दी हैं, अब उसी मिथिला की खेल प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाएंगी.