बंगाल में लियोनेल मेसी का अनोखा फैन, मिठाई से बना दी दिग्गज फुटबॉलर अनोखी प्रतिमा

फीफा वर्ल्ड कप का रोमांच चरम पर है. इधर भारत में लियोनेल मेसी का एक अनोखा फैन है. ये फैन दुर्गापुर में मिठाई की दुकान चलाते हैं. देवाशीष घोष ने अपने पसंदीदा फुटबॉलर मेसी की प्रतिमा मिठाई से बना दी. उन्होंने करीब डेढ़ किलो खोया, खीर, व्हाइट चॉकलेट, डार्क चॉकलेट और फूड कलर की मदद से मेसी की प्रतिमा बनाई है.

Durgapur News
gnttv.com
  • दुर्गापुर,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:47 PM IST

फीफा वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में फुटबॉल और मिठाई का अनोखा संगम देखने को मिला है. दुर्गापुर शहर के मामड़ा बाजार स्थित एक मिठाई व्यवसायी ने विश्व फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी की आकर्षक प्रतिमा मिठाई से तैयार कर फुटबॉल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

मेसी का अनोखा फैन-
दुर्गापुर के प्रसिद्ध मिठाई कारोबारी देवाशीष घोष ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी को अनोखे अंदाज में याद किया. देवाशीष बचपन से अर्जेंटीना और लियोनेल मेसी के प्रशंसक हैं. उन्होंने श्रद्धांजलि देने के लिए एक खास कलाकृति तैयार की है. उन्होंने करीब डेढ़ किलो खोया, खीर, व्हाइट चॉकलेट, डार्क चॉकलेट और फूड कलर की मदद से मेसी की प्रतिमा बनाई है.

प्रतिमा में मेसी के चेहरे के भाव, दाढ़ी, बाल और जर्सी के रंगों को बेहद बारीकी से उकेरा गया है. पहली नजर में यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि यह कोई मूर्ति नहीं बल्कि मिठाई से बनी कलाकृति है.

देवाशीष ने क्यों बनाई खास मिठाई?
देवाशीष घोष ने बताया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्ध और तनाव के माहौल के बीच खेल लोगों को जोड़ने और शांति का संदेश देने का माध्यम बन सकता है. इसी सोच के साथ उन्होंने मेसी की यह प्रतिमा तैयार की है. उनका कहना है कि फीफा वर्ल्ड कप का उत्साह बढ़ाने और दुर्गापुर के फुटबॉल प्रेमियों के बीच खेल के प्रति जुनून को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है.

अनोखी कलाकृति की चर्चा-
स्थानीय लोगों और फुटबॉल प्रशंसकों के बीच यह अनोखी मिठाई-कलाकृति खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. लोग बड़ी संख्या में दुकान पर पहुंचकर मेसी की प्रतिमा देख रहे हैं और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं.

देवाशीष घोष की मिठाई की दुकान ‘मनोरमा स्वीट्स’ में प्रदर्शित यह अनूठी रचना अब दुर्गापुर में चर्चा का विषय बन गई है, जहां फुटबॉल के प्रति दीवानगी और बंगाल की मिठाई संस्कृति का खूबसूरत मेल देखने को मिल रहा है.

(अनिल गिरी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED