टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबले में नेपाल को 4 रन से हराने के बाद इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने माना कि उनकी टीम ने राहत और खुशी दोनों महसूस की. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 184 रन बनाए थे और उन्हें लगा था कि मैच उनके कंट्रोल में है, लेकिन नेपाल ने आखिरी ओवर तक दबाव बनाए रखा और मुकाबले को पूरी तरह रोमांचक बना दिया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने पूरे मैच में हार नहीं मानी और अंतिम ओवर में जीत के लिए 10 रनों की जरूरत रखी. हालांकि इंग्लैंड के सैम करन ने सटीक यॉर्कर डालते हुए नेपाल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. यह ऐसा मुकाबला रहा जिसमें इंग्लैंड को आखिरी लम्हों में बड़ा झटका लगते-लगते बचा.
विल जैक्स ने नेपाल की जमकर की तारीफ
मैच के बाद जैक्स ने नेपाल के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी फील्डिंग और विकेटों के बीच दौड़ शानदार रही. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में ऐसे करीबी मुकाबले आम होते जा रहे हैं और यह जीत आगे की तैयारियों के लिहाज से अहम है. जैक्स ने माना कि टीम को जीत की खुशी के साथ-साथ राहत भी मिली.
जैक्स ने अंतिम ओवर फेंकने वाले सैम करन की भी खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि करन दबाव की परिस्थितियों में बेहद शांत रहते हैं और खेल को गहराई से समझते हैं, जिसका नतीजा इस मैच में भी देखने को मिला.
गर्व भी, अफसोस भी
नेपाल के गेंदबाज नंदन यादव ने मैच के बाद मिली-जुली भावनाएं जाहिर कीं. उन्होंने कहा कि जीत के बेहद करीब आकर हारने का अफसोस जरूर है, लेकिन इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को कड़ी टक्कर देने पर गर्व भी है. नंदन ने माना कि ऐसे मुकाबले यह दिखाते हैं कि नेपाल का स्तर लगातार ऊपर जा रहा है.
नंदन ने स्वीकार किया कि नेपाल को खासतौर पर डेथ ओवर्स की गेंदबाजी में सुधार करना होगा. उन्होंने अपनी वाइड गेंदों को लेकर भी जिम्मेदारी ली और कहा कि व्यक्तिगत और टीम दोनों स्तर पर इस पहलू पर काम किया जाएगा.
नंदन यादव ने लगभग 17 हजार दर्शकों की मौजूदगी की तारीफ की, जिनमें बड़ी संख्या में नेपाल समर्थक शामिल थे. उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी मैदान पर खेलने के बावजूद नेपाल को अपने फैंस की वजह से घरेलू माहौल जैसा महसूस होता है और यह समर्थन खिलाड़ियों के लिए बेहद खास है.
करन ने नहीं दे पाए चूक लोकेश
नेपाल के बल्लेबाज लोकेश बम, जिन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर मैच को ऐतिहासिक जीत के करीब पहुंचा दिया था, ने कहा कि वह अंतिम ओवर में सैम करन की गलती का इंतजार कर रहे थे. हालांकि करन ने अपनी लाइन-लेंथ नहीं बिगाड़ी और इंग्लैंड को जीत दिला दी.