आईपीएल 2026 में अगर किसी युवा खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, तो वो हैं वैभव सूर्यवंशी. सिर्फ 15 साल की उम्र में इस बल्लेबाज ने अपने खेल से सभी को हैरान कर दिया. बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास के साथ उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट फैंस को उनका दीवाना बना दिया. हालांकि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स फाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव ने पूरे सीजन में अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बना ली.
एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने 97 रन की तूफानी पारी खेली थी. इसके बाद क्वालिफायर-2 में भी उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 47 गेंदों में 96 रन बना डाले. लगातार दो मैचों में शतक के करीब पहुंचकर आउट होना उनके लिए जरूर निराशाजनक रहा. टीम की हार और फाइनल में जगह न बना पाने का दुख भी साफ नजर आया. इसके साथ ही उनका शानदार आईपीएल सफर खत्म हो गया.
इंडिया-ए में दिख सकता है वैभव का जलवा
क्रिकेट फैंस को वैभव को फिर से मैदान पर देखने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. उन्हें इंडिया-ए टीम में जगह मिली है, जो जल्द ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी. इस दौरे पर इंडिया-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए के बीच ट्राई-नेशन वनडे सीरीज खेली जाएगी. इन मैच को लेकर भारत का जो शेड्यूल है वह इस प्रकार है.
रिकॉर्ड्स से भरा रहा IPL 2026
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में कुल 16 मैच खेले और 48.50 की औसत से 776 रन बनाए. वह एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए. सबसे खास बात उनका स्ट्राइक रेट रहा, जो 237 का था. उन्होंने पूरे सीजन में 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए. इसके अलावा उन्होंने 72 छक्के जड़कर क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. अब क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि अगले सीजन में वैभव और भी बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.
12 साल की उम्र में हुआ डेब्यू
वैभव सूर्यवंशी का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. महज 12 साल की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू करने वाले इस बल्लेबाज ने कम समय में भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना ली. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत अंडर-19 टीम के लिए 58 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने पहले ही बता दिया था कि वह लंबे रेस के खिलाड़ी हैं.