scorecardresearch

GT vs RR, IPL 2026 Qualifier 2 Highlights: वैभव सूर्यवंशी हुए आज बाउंसर से परेशानी, तो गुजरात के ओपनर्स ने संभाली कमान.. टाइटंस ने जीता मैच, अब करेंगे फाइनल में आरसीबी का मुकाबला

महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने 215 रनों का बड़ा लक्ष्य 8 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. अब गुजरात टाइटन्स की टीम 31 मई को आरसीबी के साथ फाइनल खेलेगी.

GT Won Ticket To Finale (PTI) GT Won Ticket To Finale (PTI)

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर शानदार अंदाज में फाइनल में जगह बना ली. शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने 215 रनों का बड़ा लक्ष्य 8 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. अब गुजरात टाइटन्स की टीम 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेलेगी. टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों पर 104 रन बनाए. 

गिल और सुदर्शन ने संभाली कमान
215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली. शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने संभलकर बल्लेबाजी की और बड़े शॉट्स की जगह ग्राउंड शॉट्स पर ज्यादा भरोसा दिखाया. राजस्थान के गेंदबाज पूरे मैच में विकेट के लिए संघर्ष करते नजर आए.

150 रन के पार गिरा पहला विकेट
गुजरात को पहला झटका 167 रन के स्कोर पर लगा, जब साई सुदर्शन 58 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए. इसके बाद शुभमन गिल ने अपनी शानदार सेंचुरी पूरी की, लेकिन जीत के करीब पहुंचने पर वह जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. गिल के आउट होने तक गुजरात को जीत के लिए 30 गेंदों में 33 रन चाहिए थे. इसके बाद राहुल तेवतिया और जोस बटलर ने बिना कोई गलती किए टीम को जीत दिला दी और गुजरात को लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ फाइनल में पहुंचा दिया.

कैसी राजस्थान की 'रॉयल' बल्लेबाजी?
राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत इस मुकाबले में बेहद खराब रही. फिर भी उन्होंने विपक्षी टीम को 215 रन का लक्ष्य दिया. टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा जब यशस्वी जायसवाल सिर्फ 1 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ध्रुव जुरेल भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 7 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने. 

शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम दबाव में नजर आने लगी. दूसरी ओर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी से पारी को संभाल लिया. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 20 रन बटोरकर मैच का रुख बदलने की कोशिश की. इस दौरान रियान पराग एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और सिर्फ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

वैभव सूर्यवंशी ने संभाले रखी कमान
राजस्थान ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए. दानुष शनाका 3 रन बनाकर जेसन होल्डर का शिकार बने, जबकि जोफ्रा आर्चर को पिंच हिटर के तौर पर भेजा गया लेकिन वह भी सिर्फ 7 रन ही बना सके. लगातार विकेट गिरने के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने एक छोर संभाले रखा और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. 

यह उनके आईपीएल करियर की सबसे धीमी फिफ्टी रही. वैभव सूर्यवंशी शतक के बेहद करीब पहुंचकर आउट हुए. उन्होंने 47 गेंदों में 96 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इससे पहले भी वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन पर आउट हुए थे. दूसरी ओर रवींद्र जडेजा ने संभली हुई बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 45 रन बनाए. वहीं डोनोवन फरेरा ने एक बार फिर तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 11 गेंदों में 38 रन ठोक दिए.

राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यशराज पुंजा.

गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेट कीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज.