FIFA World Cup 2026: सबसे ज्यादा गोल, सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान... लियोनेल मेसी के निशाने पर हैं ये 5 रिकॉर्ड्स

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर सकते हैं. मेसी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. इसके साथ ही वो 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं. इतना ही नहीं, मेसी सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप खेलने के क्लब में भी शामिल हो सकते हैं.

Lionel Messi
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:29 PM IST

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज यानी 11 जून को हो रहा है. पहली बार वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. विश्व कप का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में संयुक्त तौर पर होगा. फुटबॉल के सबसे बड़े आयोजन में अर्जेंटीना की टीम खिताब बचाने के लिए मैदान में उतरेगी. अर्जेंटीना की टीम लियोनेल मेसी की कप्तानी में मैदान में उतरेगी. दिग्गज फुटबॉलर मेसी के पास कई रिकॉर्ड्स बनाने का मौका है. चलिए ऐसे ही 5 रिकॉर्ड्स के बारे में बताते हैं, जिनको मेसी तोड़ सकते हैं.

सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड-
फीफा वर्ल्ड कप में लियोनेल मेसी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. मेसी 6 वर्ल्ड कप खेलने वाले अर्जेंटीना के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं. इसके साथ ही खिलाड़ियों के उस क्लब में शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने 6 वर्ल्ड कप खेला है. मेसी ने साल 2006 में पहला वर्ल्ड कप खेला था. इसके बाद उन्होंने साल 2010, 2014, 2018 और 2022 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था. दुनिया में सिर्फ 3 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 6 वर्ल्ड कप खेले हैं. इसमें पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मैक्सिको के गुइलेर्मो ओचोला का नाम शामिल है.

2 वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान-
अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के पास टीम को 2 बार वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा करने का मौका है. अगर मेसी इस बार भी अर्जेंटीना को चैंपियन बना देते हैं तो वो दुनिया के इकलौते कप्तान होंगे, जिन्होंने फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी 2 बार जीती हो. मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना 2014 और 2018 वर्ल्ड कप का फाइनल खेल चुका है. 

सबसे ज्यादा गोल का रिकॉर्ड-
लियोनेल मेसी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी करने की कोशिश करेंगे. मेसी ने अब तक वर्ल्ड कप में 26 मैचों में कुल 13 गोल किए हैं. अभी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे का नाम दर्ज है. उन्होंने 4 वर्ल्ड कप में 16 गोल किए हैं. ब्राजील के रोनाल्डो 15 गोल और पश्चिम जर्मनी के गर्ड मुलर के नाम 14 गोल दर्ज हैं.

सबसे ज्यादा असिस्ट करने का रिकॉर्ड-
लियोनेल मेसी ने 5 वर्ल्ड कप के दौरान अपने साथियों को गोल करने में 8 बार असिस्ट किया है. इतनी ही बार माराडोना ने भी असिस्ट किया है. इस वर्ल्ड कप में अगर मेसी एक बार और गोल करने में असिस्ट करते हैं तो वो माराडोना को पीछे छोड़ देंगे. मेसी वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा बार असिस्ट करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे. वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार गोल करने के लिए असिस्ट करने का रिकॉर्ड पश्चिम जर्मनी के फ्रिट्स वाल्टर के नाम है. उन्होंने 9 बार गोल करने के लिए असिस्ट किया है.

5 अलग-अलग गोल करने का रिकॉर्ड-
लियोनेल मेसी ने 4 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया है. अगर मेसी इस वर्ल्ड कप में एक गोल कर देते हैं तो वो दुनिया के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन जाएंगे, जिन्होंने 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल किया हो. दुनिया में ऐसा करने वाले सिर्फ एक ही खिलाड़ी हैं और उनका नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो है. रोनाल्डो ने 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल किए हैं. मेसी के पास भी ये मौका होगा.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED