FIFA वर्ल्ड कप 2026 को लेकर दुनिया भर में उत्साह है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट को देखने के लिए करोड़ों फैंस इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इस बीच साइबर ठग भी एक्टिव हो गए हैं. फर्जी टिकट, नकली वेबसाइट और इंवेस्टमेंट का लालच देने वाली योजनाओं के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है. साइबर एक्सपर्ट्स ने फैंस को सतर्क रहने की सलाह दी है.
एक साल में 2800 से ज्यादा FIFA से जुड़े डोमेन रजिस्टर
इंडिया टुडे की OSINT टीम की जांच में सामने आया है कि पिछले एक साल में FIFA World Cup 2026 से जुड़े 2800 से ज्यादा नए डोमेन रजिस्टर किए गए हैं. वेबसाइट इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म URLScan के अनुसार, इनमें 1600 से ज्यादा डोमेन में fifaworldcup शब्द शामिल है. वहीं करीब 500 डोमेन में fifa2026 और 700 से ज्यादा डोमेन में worldcup2026 शब्द का इस्तेमाल किया गया है.
जांच में यह भी पाया गया कि इनमें से कोई भी वेबसाइट आधिकारिक FIFA वेबसाइट नहीं थी. कई डोमेन ऐसे मिले जिनके नाम संदिग्ध थे और जिनका इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा सकता है.
फर्जी वेबसाइट बनाकर बेचे जा रहे नकली टिकट
साइबर अपराधी FIFA और World Cup जैसे लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल कर ऐसी वेबसाइट बना रहे हैं जो देखने में असली लगती हैं. इन वेबसाइटों पर टिकट बेचने के नाम पर लोगों से पैसे लिए जाते हैं, लेकिन बदले में या तो नकली टिकट दिए जाते हैं या फिर कुछ भी नहीं मिलता. इस तरह की वेबसाइटें लोगों का भरोसा जीतने के लिए आधिकारिक डिजाइन और लोगो की नकल करती हैं. कई बार यूजर्स यह पहचान ही नहीं पाते कि वे असली वेबसाइट पर हैं या नकली पर.
सोशल मीडिया बना ठगों का नया हथियार
फर्जी टिकटों का कारोबार सिर्फ वेबसाइटों तक सीमित नहीं है. फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी बड़ी संख्या में अकाउंट FIFA 2026 के टिकट बेचने का दावा कर रहे हैं. जांच में कम से कम चार एक्टिव फेसबुक ग्रुप मिले हैं जो FIFA World Cup 2026 टिकट खरीदने और बेचने के लिए बनाए गए हैं. इन ग्रुप्स में कुल मिलाकर 1.5 लाख से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए हैं.
निवेश के नाम पर भी लगाया जा रहा चूना
सिर्फ टिकट ही नहीं, बल्कि निवेश योजनाओं के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. कुछ कंपनियां दावा कर रही हैं कि वे FIFA World Cup 2026 से जुड़े विशेष निवेश अवसर दे रही हैं. इन योजनाओं में 10 डॉलर से लेकर 50 लाख डॉलर तक निवेश करने का प्रस्ताव दिया जा रहा है. बदले में रोजाना 30% से 80% तक रिटर्न का वादा किया जा रहा है. साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि इतने बड़े मुनाफे का दावा लगभग हमेशा धोखाधड़ी का संकेत होता है.
FBI और FIFA ने जारी की चेतावनी
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने भी चेतावनी जारी की है कि साइबर अपराधी FIFA की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना रहे हैं. इनका मकसद लोगों की निजी जानकारी चुराना और आर्थिक धोखाधड़ी करना है.
वहीं FIFA ने भी साफ कहा है कि फैंस केवल उसके आधिकारिक चैनलों से ही टिकट खरीदें. संगठन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया, अनधिकृत वेबसाइटों या तीसरे पक्ष के विक्रेताओं से खरीदे गए टिकट नकली हो सकते हैं.
फैंस क्या सावधानी बरतें?
किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जांचें. सोशल मीडिया पर मिलने वाले टिकट ऑफर या निवेश योजनाओं पर आंख बंद करके भरोसा न करें. केवल आधिकारिक FIFA प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें और असामान्य रूप से सस्ते टिकट या अत्यधिक मुनाफे के वादों से बचें.
ये भी पढ़ें: