Advertisement

India vs England Test Series: इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच नहीं खेलेंगे गिल, यह बड़ा खिलाड़ी होगा टीम में शामिल... जानिए दूसरे अनॉफिशियल टेस्ट में कैसी दिखेगी टीम

बीसीसीआई ने पहले कहा था कि गिल पहले अभ्यास मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे, लेकिन अब दूसरे टेस्ट से भी उनकी गैरमौजूदगी के आसार नज़र आ रहे हैं.

Shubhman Gill (File Photo)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 जून 2025,
  • अपडेटेड 6:17 PM IST

भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल छह जून से नॉर्थम्प्टन में इंग्लैंड लायंस और इंडिया-ए के बीच होने वाले दूसरे अनॉफिशियल टेस्ट में हिस्सा नहीं लेंगे. गिल के साथ-साथ गुजरात टाइटन्स में उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन भी इस मैच में शामिल नहीं होंगे. बीसीसीआई ने पहले कहा था कि ये दोनों खिलाड़ी पहले अभ्यास मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे, लेकिन अब दूसरे टेस्ट से भी इनकी गैरमौजूदगी के आसार नज़र आ रहे हैं.

ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने अपनी एक रिपोर्ट में यह दावा किया है कि गिल और साई सुदर्शन अब मुख्य टीम के साथ छह जून को इंग्लैंड पहुंचेंगे. इसके बरक्स, केएल राहुल के मंगलवार को इंडिया-ए टीम में शामिल होने के बाद लायंस गेम खेलने की उम्मीद है. 

टीम में और कौन-कौन?
भारत-ए के लिए आकाश दीप भी चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद आकाश को पीठ में चोट लग गई थी, लेकिन अप्रैल की शुरुआत में उन्हें फिट घोषित कर दिया गया. उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए आईपीएल 2025 में छह मैच भी खेले. पहले अनौपचारिक "टेस्ट" के दौरान भी आकाश दीप कैंटरबरी में थे.

उन्होंने मुख्य रूप से टीम के साथ प्रशिक्षण लिया और चार दिनों के ब्रेक के दौरान थोड़ी बहुत गेंदबाजी भी की. टीम में इन दो नामों के अलावा कोई और बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. टेस्ट टीम के नए कप्तान गिल के अलावा कोई अन्य बड़ा खिलाड़ी टीम से अनुपस्थित नहीं है. 

पहले टेस्ट में रहा था बल्लेबाजों का दबदबा
इंग्लैंड लायन्स के खिलाफ खेला गया पहला अभ्यास टेस्ट बल्लेबाजों के नाम रहा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए जहां करुण नायर ने भारत के लिए दोहरा शतक जड़ा था, वहीं सरफराज़ खान (92) और ध्रुव जुरेल (94) शतकों से चूक गए थे. इंग्लैंड के लिए टॉम हेन्स (171) और मैक्स होल्डन (101) ने शतक जड़े थे. भारत के लिए दूसरी पारी में जुरेल, यशस्वी जायसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन और नीतीश कुमार रेड्डी ने तेजी से अर्धशतक लगाए थे. 

रेड्डी और टेस्ट टीम में दूसरे तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने लायन्स के खिलाफ मैच में क्रमशः 14.5 और 28 ओवर गेंदबाजी की थी. दूसरे मैच में वे इस संख्या को बढ़ाना चाहेंगे. लायन्स के खिलाफ भारत का दूसरा मैच नौ जून को खत्म होगा. इसके बाद भारतीय टीम बेकेनहैम में इंडिया-ए के खिलाफ एक इंट्रा-स्क्वाड मैच खेलेगी. इसके प्रैक्टिस मैच के बाद भारतीय खिलाड़ी लीड्स के लिए रवाना होंगे जहां टेस्ट सीरीज 20 जून से शुरू होगी. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement