IND vs AFG Test Series: भारत (India) और अफगानिस्तान (Afghanistan) के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर (रविवार) से हो रही है. इस सीरीज के तीनों मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 में भारत का जीत का रिकॉर्ड बहुत ही शानदार है. हम आज आपको टीम इंडिया के रिकॉर्ड्स से लेकर वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर कौन-कौन से रिकॉर्ड हैं, उसके बारे में बता रहे हैं. आपको मालूम हो कि भारत टी-20 इंटरनेशनल मैच में एक भी मैच अफगानिस्तान से हारा नहीं है.
भारत का पलड़ा भारी
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट टी-20 इंटरनेशनल मैच में भारत का अफगानिस्तान से अभी तक कुल 9 बार आमना-सामना हुआ है. इन 9 मैचों में भारत ने 8 मैचों में जीत का परचम लहराया है. भारत और अफगानिस्तान टीमों के बीच खेला गया एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था और बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ था. इस तरह से भारत का पलड़ा टी-20 में अफगानिस्तान पर भारी है. ऐसे में भारतीय टीम से एक बार फिर जीत की उम्मीद है. अफगानिस्तान आज भी भारत के खिलाफ अपनी पहली जीत का तलाश कर रहा है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में पहली बार टक्कर साल 2010 में वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले गए टी-20 विश्व कप में हुई थी. टी-20 विश्व कप 2010 के बाद 2012 में श्रीलंका की धरती पर दोनों टीमें विश्व कप के ग्रुप स्टेज में एक बार फिर आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने जीत दर्ज की थी. भारत और अफगानिस्तान के बीच सबसे हालिया मैच टी-20 विश्व कप 2024 में बारबाडोस के मैदान पर सुपर-8 चरण के दौरान खेला गया था. इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 181 रन बनाए थे. इस लक्ष्य के जवाब में मैदान पर उतरी अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 134 रन ही बना सकी थी. इस तरह से भारत ने इस मैच को 47 रनों से अपने नाम किया था.
भारत और अफगानिस्तान सीरीज में वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर ये रिकॉर्ड्स
1. वैभव के पास पीयूष चावला से आगे निकलने का मौका
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में गदर मचाने के बाद अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत साल 2026 में ही इंग्लैंड के दौरे पर की थी. वैभव ने सिर्फ 15 साल और 99 दिन की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल मैच खेलकर दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का रिकॉर्ड तोड़ा था. आपको मालूम हो कि तेंदुलकर ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था. उस समय सचिन तेंदुलकर की उम्र 16 साल और 75 दिन थी.
अब वैभव सूर्यवंशी के पास अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक और उपलब्धि हासिल करने का मौका है. दरअसल, भारतीय धरती पर सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड अभी पूर्व लेग स्पिनर पीयूष चावला के नाम दर्ज है. पीयूष चावला ने 9 मार्च 2006 को मोहाली के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेलकर अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था. पीयूष चावला ने जब पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, उस समय उनकी उम्र 17 साल और 75 दिन थी. अब वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय सरजमीं पर डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बनने जा रहे हैं.
2. सबसे कम उम्र में शतक जमाने का मौका
वैभव सूर्यवंशी अभी तक 6 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 189.21 के स्ट्राइक रेट से कुल 193 रन बनाए हैं. इसमें वैभव के दो अर्धशतक शामिल हैं. अब वैभव के पास टी-20I के इतिहास में सबसे युवा शतकवीर बनने का मौका है. अभी यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज लुआन ड्रे प्रीटोरियस के पास है.
20 साल 161 दिन की उम्र में लुआन ड्रे प्रीटोरियस ने नामीबिया के खिलाफ महज 52 गेंदों में शतक ठोककर सबसे कम उम्र में शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया था. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही टी-20 सीरीज में शतक जड़कर प्रीटोरियस का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी टी-20 इंटरनेशनल मैच में जैसे ही शतक लगाएंगे वह सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.
3. टी-20 में 150 छक्के पूरे करने से दो कदम दूर
वैभव सूर्यवंशी अपनी छक्के लगाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. वैभव अभी तक टी-20 क्रिकेट में कुल 148 छक्के लगा चुके हैं. इस तरह से वह 150 छक्कों से सिर्फ दो कदम दूर हैं. आपको मालूम हो कि वैभव ने अभी तक 40 टी-20 मैचों में 42.82 की औसत से कुल 1670 रन बनाए हैं.
वैभव सूर्यवंशी के नाम 4 शतक और 8 अर्धशतक हैं. वैभव के टी-20 इंटरनेशनल मैचों में रनों की बात करें तो वह अबतक 6 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलकर कुल 193 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम दो अर्धशतक शामिल हैं. आपको मालूम हो कि वैभव सूर्यवंशी ने 23 IPL मैचों में 44.69 की औसत से कुल 1028 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने दो शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं.
4. साल 2026 में 100 टी-20 छक्के पूरे करने का मौका
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2026 में अभी तक टी-20 क्रिकेट में 86 छक्के लगाए हैं. वह साल 2026 में 100 छक्के पूरे करने से महज 14 छक्के दूर हैं. भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज में यदि वैभव का बल्ला चला तो वह 14 छक्के यूं ही जड़ देंगे. आपको मालूम हो कि वैभव सूर्यवंशी से आगे फिन एलन (99 छक्के), रयान रिकेल्टन (96 छक्के), मिचेल मार्श (95 छक्के) और निकोलस पूरन (90 छक्के) हैं.
5. वैभव का यह रिकॉर्ड भी कर रहा इंतजार
वैभव सूर्यवंशी ने इस साल यानी 2026 में 22 टी-20 मैचों में 44.04 की औसत से कुल 969 रन बनाए हैं. इस दौरान वैभव ने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं. वैभव सूर्यवंशी साल 2026 में 1000 रन बनाने से सिर्फ 31 रन दूर हैं. भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज में वैभव यदि यह उपलब्धि हासिल करते हैं तो वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. इस साल सबसे अधिक रन बनाने के मामले में वैभव से आगे भारतीय बल्लेबाजों में ईशान किशन (1414 रन) और अभिषेक शर्मा (1077 रन) हैं. साल 2026 में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में मिचेल मार्श पहले स्थान पर हैं. वह 1544 रन बना चुके हैं.
टी-20 सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा [वीसी], शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.
टी-20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान का स्क्वॉड
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक.
भारत-अफगानिस्तान टी-20 सीरीज का शेड्यूल