India vs England Semi-Final: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के पहले सेमीफाइनल (Semi-Final) मैच में न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को हराकर पहुंच गई है. 5 मार्च दिन गुरुवार को सेमीफाइनल-2 में टीम इंडिया की टक्कर इंग्लैंड के साथ है. मुंबई का वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:00 बजे से मैच खेला जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी. रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. सूर्या ब्रिगेड अंग्रेजों को हराकर सेमीफाइनल मैच जीतने के लिए तैयार है. आइए जानते हैं टीम इंडिया का इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड कैसा है?
सेमीफाइनल में बराबरी पर है मुकाबला
भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने शुरुआती 4 मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की थी जबकि सुपर 8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से हार मिली थी लेकिन भारत ने सुपर-8 के अपने अगले मैच में जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर और अपने अंतिम सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है. भारतीय टीम छठी बार सेमीफाइनल में पहुंची है. उधर, इंग्लैंड टीम सुपर-8 राउंड के अपने सभी मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है. टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का दो बार सेमीफाइनल में इंग्लैंड से सामना हुआ है. इसमें एक बार भारत और दूसरी बार इंग्लैंड को जीत मिली है. इस तरह से दोनों टीमों को रिकॉर्ड 1-1 की बराबरी पर हैं. टीम इंडिया ने साल 2022 में इंग्लैंड से 10 विकेट से सेमीफाइनल मैच हारने के बाद साल 2024 में खेले गए सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को 68 रनों से हराकर हिसाब बराबर कर लिया था. अब तीसरी बार दोनों टीमें टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं. अब एक बार और अंग्रेजों को हराकर भारतीय टीम टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल का टिकट कटाना चाहेगी.
ओवर ऑल टीम इंडिया का पलड़ा भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच अभी तक कुल 29 टी-20 मैच खेले गए हैं. इसमें टीम इंडिया ने 17 मैच जीते हैं जबकि इंग्लैंड को 12 मुकाबलों में जीत मिली है. हाल के मुकाबलों को देखें तो टीम इंडिया का पलड़ा और भारी रहा है. भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 12 टी-20 मैचों में से 9 में जीत दर्ज की है. टी-20 वर्ल्डकप में भारत और इंग्लैंड के बीच अभी तक 5 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें भारतीय टीम ने 3 मैच जीते हैं जबकि इंग्लैंड को दो मैचों में जीत मिली है. भारत और इंग्लैंड दोनों टीमें दो-दो बार टी-20 विश्व कप जीत चुकी है. भारतीय टीम साल 2007 और 2024 में टी-20 विश्व कप ट्रॉफी उठाई है. इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में वर्ल्डकप जीता था.
वानखेड़े में कैसा है रिकॉर्ड
वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड की टीमें टी-20 मैच दो बार खेल चुकी हैं. इस स्टेडियम पर साल 2012 में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला खेला गया था. इसमें इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी. इसके बाद दोनों टीमें इस मैदान पर 2025 में भिड़ी थीं. इसमें भारत ने इंग्लैंड से पिछला हिसाब चुकता करते हुए 150 रनों से जीत दर्ज की थी.
इतनी बार टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में बनाई है जगह
भारतीय टीम: भारतीय टीम 2007, 2014, 2016, 2022, 2024 और 2026 में टी-20 विश्व कप का सेमीफाइनल खेल चुकी है. भारत ने 2007 में पहला टी-20 विश्व कप जीता था. इसके बाद टीम 2024 में भी कप पर कब्जा जमाने में सफल रही थी.
इंग्लैंड की टीम: इंग्लैंड ने 2010, 2016, 2021, 2022, 2024 और 2026 में सेमीफाइनल खेला है. इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता है.
टी-20 वर्ल्ड कप में कब-कब भारत-इंग्लैंड के बीच हो चुकी है टक्कर
1. साल 2007: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड के बीच पहली बार टक्कर साल 2007 में हुई थी. इसमें युवराज सिंह ने लगातार 6 गेंदों पर छक्के लगाते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया था. भारत ने इस मुकाबले में 4 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 6 विकेट पर 200 रन ही बना सकी थी. इस तरह से भारत ने 18 रनों से मैच जीत लिया था.
2. साल 2009: टी-20 वर्ल्ड कप 2009 में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरी बार टक्कर हुई थी. लंदन में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने 7 विकेट खोकर 153 रन बनाए थे. इसके जवाब में टीम इंडिया 5 विकेट पर 150 रन ही बना सकी थी. इस मैच में यूसुफ पठान ने 17 गेंदों में 33 रनों की नाबाद पारी खेली थी, लेकिन वह भारत को जीत नहीं दिला सके थे.
3. साल 2012: भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 विश्व कप 2012 में तीसरी बार टक्कर हुई थी. भारत ने गौतम गंभीर 45 रन, रोहित शर्मा नाबाद 55 रन की शानदार पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 14.4 ओवरों में 80 रन ही बना सकी थी.
4. साल 2022: भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 विश्व कप में चौथी बार भिड़ंत साल 2022 में टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में हुआ था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 168 रन बनाए थे. इस मैच को इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीत लिया था. कप्तान जोस बटलर ने नाबाद 80 रन और एलेक्स हेल्स ने नाबाद 86 रन बनाए थे. दोनों ने अपनी टीम को 16 ओवर में ही जीत दिला दी थी.
5. साल 2024: टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत और इंग्लैंड के बीच एक बार फिर सेमीफाइनल खेला गया. इसमें भारत ने पिछली हार का बदला लेते हुए 68 रनों से जीत दर्ज की थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 16.4 ओवरों में सिर्फ 103 रन ही बना सकी थी.
टी-20 वर्ल्डकप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा,
टीम-20 वर्ल्डकप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड.