Advertisement

IND vs PAK T20 World Cup 2026: टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराने के लिए तैयार, कोलंबो के मैदान पर शानदार है भारत का रिकॉर्ड, प्रेमदासा स्टेडियम में पाक को हरा चुका है इंडिया 

India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को हराने के लिए तैयार है. दोनों टीमों के बीच मुकाबला रविवार को कोलंबो के मैदान पर होगा. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत का जीत का रिकॉर्ड शानदार है. यहां पर भारतीय टीम पाकिस्तान को भी हरा चुकी है. ऐसे में भारत की जीत एक बार फिर पक्की मानी जा रही है. 

T20 World Cup 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:10 PM IST

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में महामुकाबला 15 फरवरी दिन रविवार को होने वाला है. यह हाई वोल्टेज मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हुईं हैं. भारतीय टीम का प्रेमदासा स्टेडियम में जीत का रिकॉर्ड शानदार है.

इस मैदान पर भारतीय टीम पाकिस्तान को भी हरा चुकी है. ऐसे में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया के खिलाड़ियों के हौसले बुलंद हैं. यह मैच सुपर-8 में जगह बनाने के लिए दोनों टीमों के लिए काफी अहम है. इस मैच में जो भी टीम जीतेगी वह सुपर-8 में चली जाएगी. आपको मालूम हो कि टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अभी तक का सफर शानदार रहा है. भारत ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है. भारतीय टीम यूएसए और नामीबिया को हरा चुकी है.

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में ऐसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड 
1.
टीम इंडिया का कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी-20 रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. 
2. भारत ने इस मैदान पर अब तक कुल 15 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें से 11 में जीत मिली है जबकि 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. 
3. टी-20 वर्ल्ड कप 2012 में भारत-पाकिस्तान की टीमें कोलंबो में भिड़ी थी. उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया था.

कोलंबो में पाकिस्तान का टी-20 रिकॉर्ड
1. पाकिस्तान क्रिकेट टीम आर. प्रेमदासा स्टेडियम में अभी तक 7 टी-20 मुकाबले खेल चुकी है. 
2. पाकिस्तान को 7 में से 5 मैचों में जीत मिली है जबकि 2 मैचों में हार मिली है. 
3. पाकिस्तान की टीम इस मैदान पर तीन बार मेजबान श्रीलंका को हरा चुकी है. 

गेंदबाजों को मिलती है मदद
आर प्रेमदासा स्टेडियम का उद्घाटन 1986 में किया गया था. इस स्टेडियम की पिच गेंदबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. यहां पर तेज गेंदबाज शुरुआती मूवमेंट का फायदा उठा सकते हैं और जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, स्पिनर अहम भूमिका निभाते हैं. यहां की पिच गेंदबाजों को मदद देती है, खासकर पहली पारी में, जिससे बल्लेबाजों के लिए पिच पर टिकना मुश्किल हो जाता है.

टी-20 विश्व कप में भारत का पलड़ा भारी 
भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप में अभी तक कुल 8 मुकाबले खेल गए हैं. इसमें टीम इंडिया ने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7 बार हराया है जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार जीत मिली है. टी-20 वर्ल्ड में भारत और पाकिस्तान के बीच पहली टक्कर साल 2007 में हुई थी. यह मैच डरबन में खेला गया था. मुकाबला टाई रहा और फिर बॉल-आउट में भारतीय टीम को जीत मिली थी. इसके बाद उसी साल टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराकर पहला टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. 

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर.

पाकिस्तान टीम: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement