T20 World Cup 2026
T20 World Cup 2026
T20 World Cup 2026 India-Pakistan Match: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्डकप 2026 में शानदार शुरुआत की है. अभी तक खेले गए दोनों मैच जीते हैं. अब टीम इंडिया 15 फरवरी को श्रीलंका स्थित कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. यह महामुकाबला शाम 7:00 बजे से शुरू होगा. पाक के खिलाफ भारत का धांसू रिकॉर्ड है. ऐसे में टीम इंडिया की जीत पक्की मानी जा रही है.
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम के खिलाड़ी पाकिस्तान को हराने के लिए तैयार हैं. आइए टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच का हेड टू हेड रिकॉर्ड जान लेते हैं. आपको मालूम हो कि बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर बाहर किए जाने के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच का बहिष्कार का ऐलान किया था. हालांकि, आईसीसी और पीसीबी के बीच हुई हाई-लेवल मीटिंग के बाद भारत बनाम पाकिस्तान मैच को हरी झंडी मिली है.
भारत के नाम 8 मैच में से 7 जीत
भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप में अभी तक कुल 8 मुकाबले खेल गए हैं. इसमें टीम इंडिया ने अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7 बार हराया है जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार जीत मिली है. टी-20 वर्ल्ड में भारत और पाकिस्तान के बीच पहली टक्कर साल 2007 में हुई थी. यह मैच डरबन में खेला गया था. मुकाबला टाई रहा और फिर बॉल-आउट में भारतीय टीम को जीत मिली थी.
इसके बाद उसी साल टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराकर पहला टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. उस समय भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी थे. उधर, पाकिस्तान को सिर्फ एक बार साल 2021 में जीत मिली थी. टी-20 विश्व कप का यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच दुबई में खेला गया था. इस मैच में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था. उसके बाद से भारत लगातार पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में हराता आ रहा है. अब एक बार फिर सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम के खिलाड़ी पाकिस्तान को हराने के लिए तैयार हैं.
टी-20 विश्व कप में भारत बनाम पाकिस्तान के मैचों का रिजल्ट
1. टी-20 विश्व कप 2007: भारत बॉल आउट में जीता
2. टी-20 विश्व कप 2007: फाइनल में भारत पांच रनों से जीता.
3. टी-20 विश्व कप 2012: भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की.
4. टी-20 विश्व कप 2014: भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की.
5. टी-20 विश्व कप 2016: भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की.
6. टी-20 विश्व कप 2021: पाकिस्तान 10 विकेट से जीता.
7. टी-20 विश्व कप 2022: भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की.
8. टी-20 विश्व कप 2024: भारत 6 रन से जीता.
ओवर ऑल टी-20 वर्ल्ड कप में ऐसा है रिकॉर्ड
टी-20 वर्ल्ड कप में अभी तक भारत ने 52 मैच खेले हैं. इसमें टीम इंडिया ने 35 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि 15 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मैच टाई रहा और एक मैच बेनतीजा रहा. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का जीत प्रतिशत 70.58 का रहा है. उधर, पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप में 51 मुकाबले खेले हैं. इसमें पाकिस्तान टीम को 30 मैचों में जीत मिली है जबकि 19 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान के दो मैच टाई रहे हैं. पाकिस्तान का जीत प्रतिशत 58.82 का रहा है.
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.
टी-20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान की टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक.