Advertisement

Ind vs SL: शुभमन गिल की जगह अचानक केएल राहुल को टीम इंडिया की मिली कप्तानी, जानें आखिर क्या हुआ श्रीलंका में, BCCI ने क्यों लिया यह फैसला?

Ind vs SL Warm Up Match: भारतीय क्रिकेट टीम अभी दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका गई है. 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज शुरू होनी है. इस सीरीज के शुरू होने से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. शुभमन गिल की जगह अचानक केएल राहुल को टीम इंडिया की कप्तानी सौंप दी गई है. यहां आप जान सकते हैं अचानक यह फैसला क्यों लिया गया?

Shubman Gill and KL Rahul (File Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 07 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:14 AM IST

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की खेली जाने वाली सीरीज से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. शुभमन गिल की जगह अचानक केएल राहुल को टीम इंडिया की कप्तानी सौंप दी गई है. कोलंबो के एनसीसी (NCC) ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ शुरू हुए तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में कप्तान शुभमन गिल की जगह उपकप्तान केएल राहुल टॉस के लिए मैदान पर उतरे और टीम की कमान संभाली. शुभमन गिल वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतर सके. 

उंगली की चोट से बाहर हुए शुभमन गिल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बताया कि गुरुवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान कप्तान शुभमन गिल के दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लग गई थी. इसी चोट के चलते गिल SLC XI के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे. एहतियात के तौर पर शुभमन गिल को आराम दिया गया है. उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल को टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई है.  बोर्ड ने साफ किया है कि BCCI की मेडिकल टीम शुभमन गिल की चोट और रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए है.  अभी तक यह नहीं बताया गया है कि चोट कितनी गंभीर है और वह कब तक पूरी तरह फिट होंगे. आपको मालूम हो कि टेस्ट सीरीज से पहले यह मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसी मैच के जरिए टीम अंतिम तैयारियों को परखेगी. रिपोर्ट्स के अनुसार 6 अगस्त को प्रैक्टिस के दौरान शुभमन गिल को 2 बार चोट का सामना करना पड़ा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शुभमन गिल के दाएं हाथ पर जा लगी थी. जिसके बाद मेडिकल स्टाफ ने पट्टी भी लगाई थी. फिर कुछ देर बाद बाकी खिलाड़ियों के साथ स्लिप कैचिंग के दौरान उसी हाथ पर एक और गेंद जा लगी. जिसके बाद उन्होंने आगे प्रैक्टिस में हिस्सा नहीं लिया था और अब प्रैक्टिस मैच में भी नहीं उतरे.

वार्म-अप मैच SLC XI से भिड़ रही टीम इंडिया
कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले जा रहे तीन दिवसीय वार्म-अप मैच में SLC XI कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. यह मुकाबला 7 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम गेंदबाजी के साथ मैदान पर उतरी है. भारतीय टीम मैनजमेंट और फैंस यही उम्मीद करेंगे कि शुभमन गिल की यह चोट ज्यादा गंभीर न हो और वह 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच से पूर्व पूरी तरह फिट हो जाएं. हालांकि, प्रैक्टिस सेशन के लिए प्लेइंग 11 का ऐलान नहीं किया जाता है, ऐसे में टीम इंडिया की बल्लेबाजी के दौरान गिल मैदान पर भी उतर सकते हैं. हालांकि, ये फैसला टीम मैनजमेंट के हाथों में होगा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement