Team India arrives in Sri Lanka (Photo: X)
Team India arrives in Sri Lanka (Photo: X)
Ind vs Sl Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका पहुंच गई है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया के लिए यह दौरा काफी अहम है. आपको मालूम हो कि यह सीरीज 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा है. ऐसे में भारत इस सीरीज को जीत डब्ल्यूटीसी फाइनल की उम्मीद को जिंदा रखना चाहेगा. भारतीय टीम में तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों आकिब नबी, गुरनूर बरार और सारांश जैन को शामिल किया गया है. ऐसे में संभावना है कि ये तीनों खिलाड़ी इस सीरीज के दौरान भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं. दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर होगा.
टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम खेलेगी अभ्यास मैच
भारतीय टीम टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले 7 अगस्त से 10 अगस्त तक श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी. यह मैच कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर होगा. इस अभ्यास मैच से भारतीय टीम के खिलाड़ियों को श्रीलंकाई पिचों और स्पिन परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने का अच्छा मौका मिलेगा.
भारत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में ऐसा है रिकॉर्ड
1. भारत ने श्रीलंका की धरती पर इस देश के खिलाफ अभी तक कुल 24 टेस्ट मैच खेलें हैं.
2. भारत को 24 मैचों में से 9 मैचों में जीत मिली है. 7 मैचों में में श्रीलंकाई टीम ने जीत दर्ज की है.
3. भारत और श्रीलंका के बीच 8 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं.
4. भारत ने आखिरी बार जुलाई-अगस्त 2017 में टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा किया था. भारत ने 3-0 से जीत हासिल की थी.
WTC में इस स्थान पर टीम इंडिया
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंक तालिका में भारतीय टीम अभी पांचवें स्थान पर है. उधर, श्रीलंका 6वें स्थान पर है. ऐसे में दोनों टीमें इस सीरीज में जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेंगी.
आकिब नबी: भारतीय टेस्ट टीम में पहली बार तेज गेंदबाज आकिब नबी को शामिल किया गया है. आकिब को जसप्रीत बुमराह की जगह भारतीय टीम में जगह मिली है. आपको मालूम हो कि बुमराह घुटने की चोट से अभी पूरी तरह उबर नहीं सके हैं. इसके चलते उन्हें श्रीलंका दौरे से बाहर होना पड़ा. उधर, आकिब नबी को प्रथम श्रेणी में शानदार करियर का फल मिला है. आकिब ने प्रथम श्रेणी में 43 मैच खेलकर कुल 162 विकेट अपने नाम किए हैं. इस दौरान उन्होंने 999 रन भी बनाए हैं. जम्मू-कश्मीर निवासी आकिब आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करते हैं.
गुरनूर बरार: भारतीय टेस्ट टीम में पहली बार पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को शामिल किया गया है. आपको मालूम हो कि बरार ने जून 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू किया था. बरार अभी तक 6 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेल चुके हैं. गुरनूर बरार के प्रथम श्रेणी करियर की बात करें तो उन्होंने कुल 19 मैच खेले हैं. इस दौरान कुल 62 विकेट अपने नाम किए हैं.
सारांश जैन: भारतीय टेस्ट टीम में पहली बार मध्य प्रदेश के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर सारांश जैन को मौका मिला है. सारांश घरेलू क्रिकेट में लंबे समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं और अब उन्हें इसका इनाम भारतीय टीम में चयन होने पर मिला है. सारांश जैन के प्रथम श्रेणी करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 54 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 2223 रन और 188 विकेट अपने नाम किए हैं.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी.