Advertisement

IND vs WI 5th T20I: आज जो जीता सीरीज उसी के नाम! फ्री में कहां देखें भारत-वेस्टइंडीज का आखिरी टी-20 मैच? यहां जानें लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स से लेकर दोनों टीमों के रिकॉर्ड्स तक

India vs West Indies 5th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5वां टी-20 मैच 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज में अभी दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर हैं. ऐसे में जो भी टीम बेंगलुरु में मैच जीतेगी, सीरीज उसी के नाम होगी. यहां आप दोनों टीमों के रिकॉर्ड्स से लेकर लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स जान सकते हैं. 

IND vs WI 5th T20 Match
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:58 AM IST

Free Mein Kaha Dekhe India vs West Indies Match: भारत और वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीमों के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 17 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच शनिवार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा. सीरीज में अभी दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर हैं. ऐसे में जो भी टीम बेंगलुरु में मैच जीतेगी, सीरीज उसी के नाम होगी. यहां आप दोनों टीमों के रिकॉर्ड्स से लेकर लाइव टेलीकास्ट डिटेल्स जान सकते हैं. 

टीवी पर कहां देख सकते हैं इंडिया-वेस्टइंडीज मैच
आपको मालूम हो कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5वें टी-20 मैच का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वैसे क्रिकेट प्रेमी जो टीवी पर मैच देखना चाहते हैं वे स्टार स्पोर्ट्स के संबंधित चैनलों पर मैच का आनंद ले सकते हैं.

मोबाइल पर ऐसे देखें लाइव
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले 5वें टी-20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी. आप मोबाइल और अन्य समर्थित डिवाइस पर जियोहॉटस्टार ऐप या वेबसाइट के जरिए यह मैच देख सकते हैं. आपको मालूम हो कि लाइव स्ट्रीमिंग के लिए सब्सक्रिप्शन की जरूरत हो सकती है.

फ्री में कहां देखें भारत-वेस्टइंडीज मैच
आपको मालूम हो कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले 5वें टी-20 मुकाबले को मुफ्त में यानी फ्री में देखने के लिए टीवी में डीडी स्पोर्ट्स चैनल होना जरूरी है. जी हां, यहीं पर फ्री में मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा.

भारत-वेस्टइंडीज मैच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी

  • मैच: भारत बनाम वेस्टइंडीज, पांचवां टी-20 मुकाबला
  • डेट: 17 अक्टूबर 2026, दिन शनिवार 
  • मैच शुरू होने का समय: शाम 7:00 बजे
  • टॉस को होगा: शाम 6:30 बजे
  • किस मैदान पर खेला जाएगा मैच:    एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
  • लाइव टेलीकास्ट: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
  • लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार
  • फ्री टेलीकास्ट: डीडी स्पोर्ट्स पर

चिन्नास्वामी स्टेडियम में कैसा है रिकॉर्ड
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड न बहुत अच्छा है और न ही बहुत खराब. इस मैदान पर भारत अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच साल 2012 में खेला था. उसके बाद से अब तक चिन्नास्वामी स्टेडियम पर टीम इंडिया 8 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी है. इन 8 मैचों में से 4 मैचों में भारत को जीत मिली है. टीम इंडिया को 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. एक मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया था.

अब टीम इंडिया के पास मौका वेस्टइंडीज को हराकर जीत का आंकड़ा बढ़ाने का है. वेस्टइंडीज चिन्नास्वामी स्टेडियम पर अभी तक सिर्फ एक टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला है. इसमें उसे जीत मिली है. इस मैदान पर साल 2016 में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया था. आपको मालूम हो कि चिन्नास्वामी स्टेडियम पर टीम इंडिया ने अपना पिछला टी-20 मैच साल 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था. यह मुकाबला दो सुपर ओवर तक पहुंच गया था. हालांकि भारत ने मैच को जीत लिया था. इस मैच में रोहित शर्मा ने 69 गेंदों में नाबाद 121 रन बनाए थे. 

बेंगलुरु में कैसा रहेगा मौसम 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक शनिवार को बेंगलुरु में आसमान में बादल छाए रहेंगे. बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. शनिवार को बेंगलुरु में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश के कारण मैच में रुकावट आने की आशंका है. यदि ऐसा होता है तो इस सीरीज का फैसला भी मौसम और मैच के नियमों पर निर्भर करेगा. फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज दोनों की नजरें बेंगलुरु के आसमान पर रहेंगी. निर्णायक मुकाबले में बारिश सबसे बड़ा विलेन बन सकती है. यदि भारत यह मुकाबला हार जाता है, तो वेस्टइंडीज के पास 24 साल बाद भारतीय जमीन पर किसी भी फॉर्मेट की सीरीज जीतने का मौका होगा. आपको मालूम हो कि वेस्टइंडीज ने 2002 के बाद से भारत में किसी भी फॉर्मेट की सीरीज नहीं जीती है. 

दोनों टीमों का स्क्वाड
भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, नमन धीर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव.

वेस्टइंडीज टीम: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरॉन हेटमायर, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोमारियो शेफर्ड और शमर स्प्रिंगर.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement