India vs Pakistan Women's Asia Cup 2026: महिला टी-20 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच शनिवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. इस तरह से भारत ने जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल में शान से कदम रखा है. पाकिस्तान को अब हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी.
सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई थी पाकिस्तान की टीम
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में 55 रन पर ऑलआउट हो गई. यह पाकिस्तान टीम का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 8.4 ओवर में ही मैच को अपने नाम कर लिया. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 9वें ओवर में छक्का जड़ते हुए टीम को एक आसान सी जीत दिला दी.
भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान टीम की हवा निकाल दी
भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान टीम की हवा निकाल दी. भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस कदर लाचार दिखी कि उनके चार बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे और केवल दो ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं. टीम के लिए शावल जुलफिकर ने सबसे ज्यादा 14 और मुनीबा अली ने 13 रन बनाए. पाकिस्तानी की सलामी जोड़ी के रूप में मुनीबा अली ने शवाल जुल्फिकार के साथ 4.3 ओवरों में 27 रन की साझेदारी की. मुनीबा 15 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुईं.
उनकी इस पारी में 1 चौका भी शामिल रहा. अगले ओवर में श्री चरणी ने गुल फिरोजा (0) और जुल्फिकार (14) का विकेट भी गंवा दिया. महज 29 के स्कोर तक टीम अपने 3 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. 35 रन के स्कोर तक पाकिस्तान के 6 विकेट गिर चुके थे. इसके बाद उम्म-ए-हानी ने एमान फातिमा के साथ सातवें विकेट के लिए 24 गेंदों में 10 रन जुटाए, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद एक बार फिर टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. भारत के लिए श्री चरणी ने 4 ओवरों में 7 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि प्रेमा रावत ने इतने ही ओवरों में 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवरों में 5 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
हरमनप्रीत कौर ने छक्का जड़ दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके. फातिमा ने शेफाली (12), प्रतिका रावल (4) और स्मृति मंधाना (9) को आउट किया. इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत दिलाई. हरमनप्रीत 18 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से नाबाद 18 रन और दीप्ति शर्मा 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं. हरमनप्रीत कौर ने 9वें ओवर में छक्का जड़ते हुए टीम को एक आसान सी जीत दिला दी. शेफाली वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए.
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़.
पाकिस्तान महिला टीम: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, उम्म-ए-हानी, एयमान फातिमा, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल.