Advertisement

India Beats Pakistan: अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पाकिस्तान को जमकर कूटा! भारत 19 रनों से मैच जीता, एशियम गेम्स में एक और गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा

India Defeated Pakistan at the 2026 Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में मेन्स क्रिकेट फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को खेला गया. भारत ने इस मैच को 19 रनों से जीत लिया. इस तरह से भारत ने एशियम गेम्स 2206 में एक और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया. भारत की इस जीत के हीरो अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा रहे. अभिषेक ने 28 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 61 रन और तिलक ने 22 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 211 रन बनाए थे. पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना सकी.

India defeated Pakistan at the 2026 Asian Games
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:03 PM IST

India vs Pakistan Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 में मेन्स क्रिकेट फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को खेला गया. यह मैच जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया. भारत ने इस मैच को 19 रनों से जीत लिया. इस तरह से भारत ने एशियम गेम्स 2206 में एक और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया. टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए थे. पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य दिया था. पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने सर्वाधिक रन बनाए. उन्होंने 51 गेंदो में 96 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे हैं. आपको मालूम हो कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीता है. पिछली बार 2023 हांगझोउ में भी ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में स्वर्ण जीता था.

जीत के ये रहे हीरो
भारत की इस जीत के हीरो अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा रहे. अभिषेक ने 28 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 61 रन और तिलक ने 22 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 6 विकेट पर 211 रन बनाए. यह भारत का टी-20 में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा टोटल रहा. इस तरह से भारत ने 14 साल पुराना अपना रिकॉर्ड तोड़ा. साल 2012 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 192 रन बानए थे. 

ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी
भारत की शुरुआत काफी सधी हुई रही. भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दी. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 28 रन जोड़े. हालांकि वैभव अपनी पारी को ज्यादा बड़ा नहीं कर पाए. वैभव को सैम अयूब ने विकेटकीपर उस्मान खान के हाथों कैच आउट कराया. वैभव ने 2 छक्के की मदद से 9 गेंदों पर 15 रन बनाए. 

श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने संभाली पारी 
संजू सैमसन ने इस मैच में निराश किया और 2 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें अहमद दानियाल ने अपनी गेंद पर आउट किया. इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने पारी संभाली. दोनों बल्लेबाजों ने 24 गेंदों में 42 रन की साझेदारी की. अभिषेक शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां अर्धशतक लगाया. अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों का सामना करते हुए 61 रन बनाए. 217.85 की स्ट्राइक रेट से खेली अभिषेक शर्मा की पारी में 7 छक्के और 3 चौके शामिल रहे. श्रेयस अय्यर ने ईशान किशन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 35 रन की साझेदारी की. पांच रन के अंतराल पर भारत ने इन दोनों के विकेट गंवा दिए. श्रेयस 24 गेंदों में 21 रन और ईशान 18 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए. ईशान की पारी में 3 चौके शामिल रहे. ईशान किशन को अराफात मिन्हास ने बोल्ड किया. इसके बाद अबरार अहमद ने श्रेयस अय्यर को कैच आउट करा दिया. साहिबजादा फरहान ने उनका कैच पकड़ा. 

फिर तिलक और दुबे की आई आंधी 
इसके बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे की आंधी आई. तिलक और दुबे ने छठे विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रनों की साझेदारी की. शिवम दुबे 15 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए.  अहमद दानियाल ने शिवम दुबे को कैच आउट करा दिया. माज सदाकत ने उनका कैच पकड़ा. तिलक वर्मा ने 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. तिलक ने 22 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए. 20वें ओवर में भारत ने 16 रन बनाए. अक्षर एक रन बनाकर नाबाद रहे. इस तरह भारत ने 6 विकेट पर 211 रन बनाए. पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफान मिनहास ने दो-दो विकेट लिए. सैम अयूब और अबरार अहमद को एक-एक विकेट मिला.

पाकिस्तान की ऐसी रही पारी 
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सधी शुरुआत की. पाकिस्तान के लिए हसन नवाज ने 96 रन बनाए. एक समय यह मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था. कप्तान साहिबजादा फरहान (11 गेंदों में 10) और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े. यह साझेदारी वॉशिंगटन सुंदर ने चौथे ओवर में फरहान को पवेलियन भेजकर तोड़ी. अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर में विकेटकीपर उसमान खान (6 गेंदों में 3 रन) और सातवें ओवर में सदाकत को आउट किया. सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें 3 चौके शामिल रहे. इसके बाद, हसन नवाज और सईम अयूब ने चौथे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप की और काफी देर तक भारत की टेंशन बढ़ाई रखी.

अयूब को शिवम दुबे ने 15वें ओवर में अपने जाल में फंसाकर भारत को राहत दिलाई. उन्होंने 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन जुटाए. अब्दुल समद ने 9 गेंदों में 9 रन बनाए. उनका सुंदर ने 18वें ओवर में शिकार किया. पाकिस्तान को अंतिम दो ओवर में 44 रन चाहिए थे. सुंदर ने 19वें ओवर में सिर्फ 11 रन दिए. पाकिस्तान को 20वें ओवर में 33 रन की दरकार थी मगर दुबे ने 13 रन खर्च किए. उन्होंने मैच की आखिरी गेंद पर नवाज को आउट किया. साद मसूद 5 गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे. इस तरह से पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी.

भारत-पाकिस्तान टी-20I में सबसे बड़े फर्स्ट इनिंग स्कोर

  • 211/6: भारत, निस्शिन, 2026
  • 192/5: भारत, अहमदाबाद, 2012
  • 181/7: भारत, दुबई, 2022
  • 175/7: भारत, कोलंबो RPS, 2026
  • 171/5: पाकिस्तान, दुबई, 2025
  • 159/8: पाकिस्तान, मेलबर्न, 2022 

एश‍ियन गेम्स फाइनल में टीम इंड‍िया की प्लेइंग 11
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह.

एश‍ियन गेम्स के फाइनल में पाकिस्तान की प्लेइंग 11
साहिबजादा फरहान (कप्तान), सैम अयूब, उस्मान खान (विकेटकीपर), माज सदाकत, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद और सुफियान मुकीम.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement