आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में गुरुवार को भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 रनों से जीत दर्ज की. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जो इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम हैं.
वेस्टइंडीज से होगा निर्णायक मुकाबला
भारतीय टीम को अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज को हराना होगा. भारत की जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच चुका है, जबकि जिम्बाब्वे इस टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.
जिम्बाब्वे की अच्छी शुरुआत
257 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत संभली हुई रही. ब्रायन बेनेट और तादिवानाशे मारुमनी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े. अक्षर पटेल ने मारुमनी (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने डियोन मायर्स (6) को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा और ब्रायन बेनेट के बीच 72 रनों की साझेदारी हुई. रजा ने 21 गेंदों पर 31 रन बनाए, लेकिन 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने उन्हें आउट कर मैच भारत की ओर मोड़ दिया. अर्शदीप ने इसके बाद रयान बर्ल (0) और टोनी मुनयोंगा (11) को भी चलता किया. विकेट गिरते रहने के बावजूद सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट अंत तक डटे रहे और 59 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. हालांकि उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
भारत की विस्फोटक बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े. सैमसन 24 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की. अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 55 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे. वहीं ईशान किशन ने 38 रन का योगदान दिया.
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी तूफानी अंदाज दिखाते हुए 13 गेंदों पर 33 रन बनाए. इसके बाद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 84 रन जोड़े. हार्दिक ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए, जबकि तिलक ने 16 गेंदों पर 44 रन की तेज पारी खेली.
प्लेइंग इलेवन में बदलाव
इस मैच में भारत की टीम में दो बदलाव किए गए. रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर की जगह संजू सैमसन और अक्षर पटेल को मौका दिया गया. वहीं जिम्बाब्वे ने ग्रीम क्रेमर की जगह टिनोटेंडो मापोसा को टीम में शामिल किया. चेन्नई का चेपॉक मैदान पहले स्पिनरों के लिए मददगार माना जाता था, लेकिन इस वर्ल्ड कप में यह बल्लेबाजों के लिए अनुकूल साबित हुआ है. यहां औसत स्कोर और स्ट्राइक रेट दोनों ऊंचे रहे हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ा है.
हेड टू हेड में भारत का दबदबा
टी20 इंटरनेशनल में भारत और जिम्बाब्वे के बीच 2010 से 2026 तक कुल 14 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारत ने 11 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ 3 जीत मिली है. इस रिकॉर्ड से दोनों टीमों के बीच भारत का दबदबा साफ नजर आता है. अब देखना ये है कि आगे भारत का प्रदर्शन कैसा रहता है.
ये भी पढ़ें: