Team India (File Photo: PTI)
Team India (File Photo: PTI)
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का 48वां मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच 26 फरवरी को खेला जाएगा. सुपर-8 का यह मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा है. एक हार से टीम इंडिया को बाहर का रास्ता देखना पड़ सकता है.
यदि भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जाना है तो जिम्बाब्वे को हराना ही होगा. यह मैच जीत भारत को दो अंक हासिल करना बेहद जरूरी है. आपको मालूम हो कि सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों हार मिल चुकी है. साउथ अफ्रीका के 187/7 के जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 111 रन पर सिमट गई थी. ऐसे में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली 'मेन इन ब्लू' अब हर हाल में अपने सभी मैच जीतना चाहेगी.
भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच कब और कहां खेला जाएगा
26 फरवरी दिन गुरुवार को भारत और जिम्बाब्वे के बीच मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच शाम 7:00 बजे शुरू होगा. मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले यानी शाम 6:30 बजे टॉस होगा.
कहां देख सकते हैं मैच
भारत बनाम जिम्बाब्वे का ये मैच भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा. भारत बनाम जिम्बाब्वे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग Jio Hotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
पिच का हाल
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच धीमी और स्पिनर्स को मदद करती है. हालांकि इस बार फ्रेश पिच तैयार की गई है. टूर्नामेंट से पहले एक पिच को पूरी तरह दोबारा तैयार किया गया है और तब से यहां कोई मैच नहीं हुआ. ऐसे में यह पिच फ्रेश और अच्छी बाउंस वाली है. पिच बैटिंग-फ्रेंडली होगी. बॉल अच्छे से बल्ले पर आएगी और बल्लेबाज अच्छे शॉट्स खेल सकेंगे. इस मैदान पर पार स्कोर 180–190 के आसपास संभव माना जा रहा है.
भारत का पलड़ा भारी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 फॉर्मेट में अब तक कुल 13 मैच खेले गए हैं. इसमें टीम इंडिया ने 10 मैच जीते हैं जबकि जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ 3 ही मैच जीत सकी है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक सिर्फ एक ही बार टक्कर हुई है. इसमें भारत ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में भारत का पलड़ा जिम्बाब्वे पर भारी है.
भारत बनाम जिम्बाब्वे: दोनों टीमों की पूरी स्क्वाड
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल.
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, टोनी मुन्योंगा, डियोन मायर्स, ब्रैड इवांस, ग्रेम क्रेमर, रिचर्ड नगरावा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, वेलिंग्टन मसाकाद्ज़ा, बेन करन, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा.