
India vs Zimbabwe Match (File Photo: PTI)
India vs Zimbabwe Match (File Photo: PTI)
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के ग्रुप चरण में एक भी मैच नहीं हारने वाली टीम इंडिया (Team India) की जीत पर सुपर-8 में ब्रेक लग गया है. भारत सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मैच हार चुका है. ऐसे में भारतीय टीम को अब करो या मरो मैच में 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ना है. यह मुकाबला गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत को इस मैच को हर हाल में जीतना ही होगा.
भारत आंकड़ों में जिम्बाब्वे से काफी मजबूत है, लेकिन टी-20 प्रारूप में किसी टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता है. इस विश्व कप में जिम्बाब्वे की टीम ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को हरा चुकी है. भारतीय टीम को सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी. आपको मालूम हो कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सुपर-8 मुकाबला चेन्नई के मैदान पर रविवार खेला गया था. इस मैच में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ऑल-आउट हो गई. इस तरह से दक्षिण अफ्रीका ने 76 रनों से मैच जीत लिया.

भारत से सिर्फ 3 मैच ही जीत सका है जिम्बाब्वे
भारत का जिम्बाब्वे पर पलड़ा भारी है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 प्रारूप में अभी तक कुल 13 मैच खेले गए हैं. इसमें भारतीय टीम ने 10 मैच जीते हैं. उधर, जिम्बाब्वे की टीम सिर्फ तीन मैच ही जीत सकी है. टी-20 विश्व कप में दोनों देशों में टक्कर की बात करें तो अब तक सिर्फ एक ही बार भारत और जिम्बाब्वे के बीच आमना-सामना हुआ है. इसमें भारतीय टीम को जीत मिली है. ऐसे में पूरी संभावना है कि भारतीय टीम एक बार फिर गुरुवार को जिम्बाब्वे को जरूर मात देगी.
पहली बार इस तारीख को हुई थी टक्कर
भारत और जिम्बाब्वे के बीच द्विपक्षीय सीरीज के सभी मैच हरारे में खेले गए हैं. भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी-20 क्रिकेट का पहला मुकाबला 12 जून 2010 को खेला गया था. इस मैच को भारत ने 6 विकेट से जीता था. 13 जून 2010 को इस सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी. इस तरह से टीम इंडिया ने क्लीन स्वीप किया था. इसके बात भारत और जिम्बाब्वे के बीच साल साल 2015 में दो मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी. इस सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी. फिर दोनों देशों की बीच जून 2016 में तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई. इस सीरीज का पहला मैच मेजबान जिम्बाब्वे ने दो रनों से जीता था लेकिन अगले दोनों ही मैचों में भारत ने जिम्बाब्वे को हराया था. इस तरह से भारतीय टीम ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी.

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में जिम्बाब्वे को हरा चुका है भारत
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और जिम्बाब्वे की बीच सिर्फ एक बार टक्कर हुई है, जिसमें भारत को जीत मिली है. दोनों देश मेलबर्न में टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में आमने-सामने हुए थे. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए थे. जिम्बाब्वे की टीम 115 रन पर ढेर हो गई थी. इसके बाद भारत और जिम्बाब्वे की बीच जुलाई 2024 में 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी. जिम्बाब्वे ने सीरीज के पहले मैच को 13 रन से जीता था. इसके बाद भारतीय टीम पलटवार करते हुए अगले मैच को 100 रनों से जीता था. सीरीज के तीसरे मैच को भारतीय टीम ने 23 रनों से जीता था. इसके बाद अगले मुकाबले में 10 विकेट से भारत ने जीत दर्ज की थी. इस सीरीज के अंतिम मुकाबले को भारत ने 42 रनों से जीता था. इस तरह से भारतीय टीम ने सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी.

टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वाड
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवांस, क्लाइव मैडेंडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, ब्रेंडन टेलर.