इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमें तय हो चुकी हैं. तीन टीमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) तो पहले ही तय हो गईं थीं. चौथे स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR), पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में टक्कर थी. इसमें बाजी राजस्थान रॉयल्स टीम ने मारी. राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में 24 मई को मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रनों से हराया. मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 206 रनों का टारगेट रखा था. मुंबई की टीम सिर्फ 175 रन ही बना सकी. इस तरह से RR प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम हो गई. उधर, राजस्थान रॉयल्स की जीत के साथ ही पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई.
किस टीम के कितने प्वाइंट्स
प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो लीग स्टेज खत्म होने के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 18 प्वाइंट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया. आरसीबी ने 14 मैचों में 9 जीत और 5 हार के साथ 18 अंक हासिल किए. उधर, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 18 प्वाइंट्स हासिल किए लेकिन नेट रनरेट कम होने के कारण गुजरात ने दूसरा और हैदराबाद ने तीसरा स्थान हासिल किया. राजस्थान रॉयल्स 16 प्वाइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रही. अब इन चारों टीमों के बीच 26 मई से खिताबी मुकाबला जीतने की लड़ाई शुरू होगी.
हैदराबाद और राजस्थान के लिए हर मैच करो या मरो जैसा
आईपीएल 2026 के नॉकआउट चरण का शेड्यूल बेहद दिलचस्प है. टॉप-2 में रहने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे, जबकि तीसरे और चौथे नंबर की टीमों सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के लिए हर मैच करो या मरो जैसा होगा.
क्वालिफायर 1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु VS गुजरात टाइटंस
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच 26 मई 2026 को प्लेऑफ का पहला मैच खेला जाएगा, जब ये दोनों टीमें क्वालीफायर-1 में आमने-सामने होंगी. यह मैच मंगलवार को शाम 7:30 बजे से हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में होगा. इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर 2 में एक और मौका मिलेगा.
एलिमिनेटर: सनराइजर्स हैदराबाद VS राजस्थान रॉयल्स
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच 27 मई को खेला जाएगा. बुधवार शाम 7:30 बजे से मुल्लांपुर में मैच खेला जाएगा. इस मैच के साथ ही टूर्नामेंट से एक और टीम बाहर हो जाएगी. जी हां, हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा. उधर, जीतने वाली टीम क्वालिफायर 2 में प्रवेश करेगी, जिसकी भिड़ंत क्वालीफायर-1 की हारने वाली टीम से होगी.
क्वालिफायर 2
29 मई को दूसरा क्वालीफायर खेला जाएगा. इसमें पहले क्वालीफायर की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीमें फाइनल का टिकट पक्का करने उतरेंगी. यह मैच शाम 7:30 बजे से मुल्लांपुर में खेला जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम होगी.
फाइनल 31 मई को
आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा. फाइनल मैच क्वालिफायर 1 की विजेता और क्वालिफायर 2 की विजेता टीमों के बीच होगा. यह महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. जीतने वाली टीम को आईपीएल 2026 की ट्रॉफी दी जाएगी.