IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के पहले क्वालीफायर मुकाबले में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा. यह मैच धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. इस मैच को जो भी टीम जीतेगी वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. ऐसे में दोनों टीमों में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है.
आपको मालूम हो कि RCB और GT दोनों ने टीमों ने 14 मैचों में 18 अंक के साथ लीग चरण के अपने अभियान का समापन किया है. बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB टीम प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर रही. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस एक-एक बार आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी हैं. आरसीबी ने पिछले साल पंजाब को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था, वहीं गुजरात ने 2022 में हार्दिक पांड्या की कप्तान में ट्रॉफी जीती थी.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ताकत और कमजोरी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) की बात करें तो इस टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत बैटिंग लाइन-अप रही है. कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में बेंगलुरु ने आक्रामक बल्लेबाजी के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाया. RCB के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं.
उधर, देवदत्त पडीक्कल मध्यम क्रम में अच्छे रन बना रहे हैं. निचले क्रम में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड टीम की बैटिंग लाइन-अप को मजबूत कर रहे हैं. इन बल्लेबाजों के बदौलत इस सीजन में आरसीबी ने लगातार 200 रन का आंकड़ा पार किया है. अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की गेंदबाजी की बात करें तो जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है. इस टीम की सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि दबाव में टीम की गेंदबाजी बिखर जाती है. यदि गुजरात से मैच को जीतना है तो आरसीबी को इससे बचना होगा.
गुजरात टाइटंस की ताकत और कमजोरी
गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की बात करें तो इस टीम ने अपने दमदार गेंदबाजी आक्रमण और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ में जगह बनाई है. कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं. ये तीनों बल्लेबाज अपनी टीम को बेहतरीन शुरुआत दे रहे हैं. मध्यक्रम में राहुल तेवतिया और शाहरुख खान भी अच्छे रन बना रहे हैं.
आपको मालूम हो कि सुदर्शन 638 रन बनाकर टॉप पर हैं जबकि गिल 616 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. अब गुजरात की गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने नई गेंद से घातक गेंदबाजी कर लगातार विकेट लिए हैं उधर, राशिद खान और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर ने बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं. रबाड़ा 24 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. गुजारत टीम की कमजोरी मध्यक्रम की बल्लेबाजी है, जो दबाव में बिखर जाती है. इस टीम के गेंदबाजों ने कुछ मैचों के डेथ ओवर्स में काफी रन लुटाए हैं. यदि गुजरात को बेंगलुरु को हराना है तो अपनी इस कमजोरी से पार पाना होगा.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस: हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल में अभी तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल 8 मैच खेले गए हैं. इसमें दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर दिखी है. 8 मुकाबलों में आरसीबी ने चार जीते हैं तो वहीं गुजरात ने भी चार मैच में जीत दर्ज की है. आईपीएल 2026 में दोनों टीमों के बीच दो मैच खेले गए हैं और दोनों ने 1-1 मैच में जीत दर्ज की है. ऐसे में 26 मई की शाम को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में एक और कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है. आपको मालूम हो कि धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास एडवांटेज होगी. दरअसल, आरसीबी ने इस सीजन धर्मशाला के मैदान पर एक मुकाबला खेला है, लेकिन गुजरात टाइटंस की टीम का मौजूदा सीजन में धर्मशाला के मैदान पर पहला मैच होगा. ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यहां की कंडीशन से पहले ही वाकिफ है.
लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए लीग स्टेज काफी बेहतरीन रहा. आरसीबी ने 14 मैचों में से 9 मैचों में बाजी मारी और कुल 18 प्वाइंट्स हासिल किए. इस दौरान नेट रन रेट 0.783 का रहा, जो बाकी टीमों के मुकाबले काफी ज्यादा है. उधर, गुजरात टाइटंस की टीम भी 14 में से 9 मैच जीतने में कामयाब रही, लेकिन नेट रन रेट के चलते उसने लीग स्टेज को दूसरे नंबर पर खत्म किया. गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट 0.695 का रहा है.
दोनों टीमों के स्क्वाड
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, और सात्विक देसवाल.
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइजन, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव.