IPL 2026 Qualifier 1 RCB vs GT
IPL 2026 Qualifier 1 RCB vs GT
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) का क्वालिफायर-1 मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच 26 मई दिन मंगलवार को खेला जाएगा. यह मैच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होगा. टॉस मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले यानी शाम 7:00 बजे होगा.
इस मैच की विजेता टीम को सीधे फाइनल में एंट्री मिलेगी. उधर, हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 में दूसरा मौका मिलता है. क्वालिफायर-2 में एलिमिनेटर की विजयी टीम क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम से मैच खेलती है. इसमें जिस टीम को जीत मिलती है, वह फाइनल खेलती है. इस बार प्लेऑफ के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस के साथ सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने क्वालिफाई किया है. हम आपको बता रहे हैं कैसे बिना मैच खेले भी RCB फाइनल में पहुंच सकती है?
मैच रद्द हुआ तो आरसीबी को फायदा
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक धर्मशाला में मंगलवार को बारिश की संभावना 25 प्रतिशत है. 26 मई को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि धर्मशाला में मौसम कभी भी बदल सकता है. आईपीएल के लीग स्टेज में मैच बारिश से रद्द होने पर दोनों टीमों के बीच 1-1 प्वाइंट बांटा जाता है लेकिन प्लेऑफ मैच नॉकआउट मैच होते हैं. ऐसे में बीसीसीआई ने प्लेऑफ मैच के लिए अलग से नियम बनाए हुए हैं. प्लेऑफ मैचों में पूरा खेल नहीं खेला जाता है तो कम से कम पांच-पांच ओवर का खेल कराने की कोशिश होती है, ताकी नतीजा निकाला जा सके.
यदि पांच-पांच ओवर का मैच भी नहीं हो पाता है तो मैच को रद्द कर दिया जाता है, क्योंकि बीसीसीआई ने प्लेऑफ मैचों के लिए रिजर्व डे नहीं रखा है. आईपीएल प्लेइंग कंडीशंस के अनुसार मैच रद्द होने पर लीग स्टेज प्वाइंट्स टेबल की बेहतर पोजीशन वाली टीम को फायदा मिलता है. लीग स्टेज के प्वाइंट्स टेबल में 18 अंक के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले स्थान पर है. आरसीबी ने 14 मैचों में 9 जीत और 5 हार के साथ 18 अंक हासिल किए हैं. ऐसे यदि क्वालिफायर-1 मैच रद्द होता है तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. उधर, गुजरात टाइटंस का सफर समाप्त नहीं होगा. इस टीम को क्वालिफायर-2 खेलना पड़ेगा, जहां उसे आईपीएल के फाइनल में पहुंचने के लिए एक और मौका मिलेगा.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु स्क्वॉड
रजत पाटीदार (कप्तान), जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेट कीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, कुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार, जॉर्डन कॉक्स, अभिनंदन सिंह, स्वप्निल सिंह, कनिष्क चौहान, फिलिप साल्ट, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, रिचर्ड ग्लीसन, जैकब डफी.
गुजरात टाइटंस स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन,जोस बटलर (विकेट कीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलवंत खेजरोलिया, इशांत शर्मा, जयंत यादव, ल्यूक वुड, शाहरुख खान, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र, गुरनूर बराड़, अशोक शर्मा, कॉनर एस्टरहुइजन.