scorecardresearch

India's Fastest Man: पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने रचा इतिहास! 100 मीटर दौड़ को 10.09 सेकंड में पूरा कर बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड

रांची में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के दूसरे दिन पंजाब के 25 वर्षीय धावक गुरिंदरवीर सिंह ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ को महज 10.09 सेकंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया है. वह 10.10 सेकंड से कम समय लेने वाले पहले भारतीय हैं.

पंजाब के रिकॉर्ड होल्डर धावक गुरिंदरवीर सिंह पंजाब के रिकॉर्ड होल्डर धावक गुरिंदरवीर सिंह

राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता के दूसरे दिन रांची में ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसे भारतीय एथलेटिक्स लंबे समय तक याद रखेगा. पंजाब के धावक गुरिंदरवीर सिंह, जो 25 साल के हैं.  उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए केवल 10.09 सेकंड का समय लेकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस उपलब्धि के साथ वह 10.10 सेकंड से कम समय में दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय धावक भी बन गए हैं.

इस प्रतियोगिता में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष कुजूर, जो पहले से राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक थे, प्रतियोगिता में मजबूत दावेदार माने जा रहे थे. उनके नाम पहले 10.18 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज था, जिसे गुरिंदरवीर ने 0.09 सेकंड से तोड़ दिया है.

तीन बार टूटा रिकार्ड
शुक्रवार को पहले दिन 25 वर्षीय गुरिंदरवीर सिंह ने सेमीफाइनल हीट में शानदार दौड़ लगाते हुए रिकॉर्ड को 10.17 सेकंड तक पहुंचा दिया. लेकिन महज पांच मिनट बाद, 22 वर्षीय अनिमेष कुजूर ने दूसरे सेमीफाइनल में 10.15 सेकंड का समय निकालकर रिकॉर्ड फिर अपने नाम कर लिया. इस तरह कुछ ही मिनटों के भीतर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूट गया.

फाइनल में गुरिंदरवीर ने पलट दी बाजी
हालांकि असली मुकाबला फाइनल में देखने को मिला. रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे गुरिंदरवीर सिंह ने जबरदस्त रफ्तार दिखाते हुए 10.09 सेकंड में रेस पूरी की और अनिमेष को पीछे छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी से करीब दो फीट आगे फिनिश लाइन तक पहुंचे. वहीं, रिलायंस फाउंडेशन के ही प्रणव गुरव ने 10.29 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.

एशिया में इस सीजन का दूसरा सबसे तेज धावक
गुरिंदरवीर का यह प्रदर्शन सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा. उनका 10.09 सेकंड का समय इस सीजन में किसी भी एशियाई खिलाड़ी का दूसरा सबसे तेज समय माना जा रहा है. उनसे आगे सिर्फ जापान के 19 वर्षीय धावक फुकुतो कोमुरो हैं, जिन्होंने मई में 10.08 सेकंड का समय निकाला था. इसके साथ ही गुरिंदरवीर ने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तय 10.16 सेकंड के क्वालीफाइंग मार्क को भी पार कर लिया है.

कौन हैं गुरिंदरवीर सिंह?
गुरिंदरवीर सिंह पंजाब से आते हैं और भारत के उभरते हुए ट्रैक एंड फील्ड एथलीट माने जाते हैं. वह खास तौर पर शॉर्ट स्प्रिंट रेस के विशेषज्ञ हैं. इस बड़ी उपलब्धि के बाद उन्हें 'फास्टेस्ट मैन इन इंडियन हिस्ट्री' का खिताब भी मिल गया है. वह पहले ही एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं.

दुनिया में किसके नाम है सबसे तेज दौड़ने का रिकॉर्ड?
पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी दिग्गज एथलीट उसेन बोल्ट के नाम दर्ज है. उन्होंने 2009 में बर्लिन विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 9.58 सेकंड में दौड़ पूरी कर इतिहास रच दिया था.

ये भी पढ़ें