Advertisement

IPL 2026, PBKS vs RCB Highlights: प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी आरसीबी, 23 रन से पंजाब से छीनी जीत.. बेंगलुरु के फैंस में लहर

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आईपीएल 2026 के 61वें मुकाबले में आरसीबी ने किया पंजाब का मुकाबला. इस मैच में जीत दर्ज करते हुए आरसीबी प्लेऑफ में जाने वाली पहली टीम बन गई.

IPL 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:57 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 61वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को 23 रनों से हरा दिया. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली. टीम ने अब तक खेले गए 13 मुकाबलों में 9 जीत हासिल कर 18 अंक जुटा लिए हैं. 

ओपनर का ही नहीं ओपन हुआ खाता
223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 19 रन के स्कोर तक अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए. ओपनर प्रियांश आर्य बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि प्रभसिमरन सिंह सिर्फ 2 रन बना सके. दोनों बल्लेबाजों को भुवनेश्वर कुमार ने पवेलियन भेजा. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर भी सिर्फ 1 रन बनाकर रसिक सलाम डार का शिकार बने.

शुरुआती झटकों के बाद कूपर कोनोली और सूर्यांश शेडगे ने टीम की पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई. कूपर कोनोली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. हालांकि रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया.

मिडिल ऑर्डर ने भी नहीं किया कुछ खास
सूर्यांश शेडगे ने भी तेज बल्लेबाजी दिखाते हुए 22 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे. लेकिन स्पिनर सुयश शर्मा ने उन्हें अपना शिकार बना लिया. मिडिल ऑर्डर में मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की. दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 67 रन जोड़े. स्टोइनिस 37 रन बनाकर जोश हेजलवुड की गेंद पर आउट हुए. वहीं शशांक सिंह ने शानदार अर्धशतक जरूर जड़ा, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके. शशांक ने 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.

कैसी रही आरसीबी की बल्लेबाजी?
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. हालांकि टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और जैकब बेथेल महज 11 रन बनाकर हरप्रीत बराड़ का शिकार हो गए. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी निभाई. 

दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 76 रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. देवदत्त पडिक्कल ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों पर 45 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल रहे. हालांकि बराड़ ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. उस समय आरसीबी का स्कोर 97 रन पर 2 विकेट था.

कोहली ने जड़े 4 चौके और 3 छक्के
विराट कोहली ने एक बार फिर अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया और आईपीएल करियर का 67वां अर्धशतक पूरा किया. कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. उनकी शानदार पारी का अंत युजवेंद्र चहल ने किया, जिन्होंने अपनी फिरकी में फंसाकर कोहली को पवेलियन भेजा.

अय्यर और डेविड ने पहुंचा टीम को 200 पार
इसके बाद वेंकटेश अय्यर और टिम डेविड ने आक्रामक बल्लेबाजी का जिम्मा संभाला. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 65 रन की तेज साझेदारी हुई, जिसने टीम को 220 के पार पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. वेंकटेश अय्यर ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए. उनकी इस शानदार पारी में 8 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल रहे. वहीं टिम डेविड ने भी सिर्फ 12 गेंदों में 28 रन ठोक दिए, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे. हालांकि वह पारी की आखिरी गेंद पर आउट हो गए.

पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बराड़, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल.
इम्पैक्ट सब: मार्कस स्टोइनिस.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग-11: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा.
इम्पैक्ट सब: रसिक सलाम डार.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement